
गुना। जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आते जा रहे हैं, वैसे-वैसे राजनीतिक दलों की सक्रियता बढ़ रही है और राजनीतिक माहौल गरमाने के बीच एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप और गुटबाजी का दौर तेजी से बढ़ चला है। इसके साथ ही जनता से नजदीकियां बढ़ाने और रूठे कार्यकर्ताओं को मनाने की रणनीति पार्टी स्तर पर शुरू हो गई है।
जहां एक ओर भाजपा की विकास यात्रा प्रदेश हाईकमान के निर्देश पर यहां शुरू होना है, लेकिन गुटबाजी के चलते अभी तक कार्यक्रम फायनल नहीं हो पा रहा है। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस ने कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करने के उद्देश्य से संगठन में बदलाव करने का निर्णय लिया है। जिसके तहत अब एक विधानसभा क्षेत्र में तीन-तीन अध्यक्ष होंगे। इसकी भनक होते ही दावेदार सक्रिय हो गए हैं।
भाजपा की चार में से दो जगह शुरू हो पाई विकास यात्राएं
भाजपा की विकास यात्रा भारतीय जनता पार्टी की विकास यात्रा 15 मई से कई जगह शुरू हो गई है, एकाध जगह छोड़ दिया जाए तो जिले में पूरी तरह शुरू नहीं हो पाई हैं। यह यात्राएं15 जून तक चलेंगी। शासकीय स्तर पर होने वाले इस कार्यक्रम का नेतृत्व स्थानीय विधायक को करना है। राघौगढ़ और बमौरी में विधायक न होने से दूसरी संस्थाओं के प्रतिनिधि सांसद, नगरपालिका अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष को सौंपे जाने के निर्देश हैं।
इस यात्रा में विभिन्न स्थानों पर भूमि-पूजन, शिलान्यास भी होंगे। इन विकास यात्रा में तेंदूपत्ता संग्राहकों को चप्पल, साड़ी, पानी की कुप्पी और बोनस भी बांटे जाना है। जो बच्चे मैरिट में आए हैं, उनको सम्मानित किया जाएगा। 20 मई से 9 जून के बीच किसान कार्यशालाओं का भी आयोजन होगा। इस बीच अजा वर्ग की अधिकार यात्रा आयोजित की जाएगी। 10 जून को मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के हितग्राहियों के खाते में राशि हस्तांतरित की जाएगी। ग्राम पंचायतों में हितग्राहियों की सभा आयोजित की जाएगी।
अब कांग्रेस में होंगे तीन अध्यक्ष
कांग्रेस में अभी तक ये व्यवस्था थी कि एक जिला अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष और कार्यकारिणी होती थी। अब जो नई व्यवस्था करके लागू की है उसके अनुसार हर विधानसभा क्षेत्र में तीन-तीन ब्लॉक अध्यक्ष होंगे, जिसके अनुसार गुना विधानसभा क्षेत्र में शहर में दो और ग्रामीण में एक अध्यक्ष बनेगा। राघौगढ़ विस क्षेत्र में राघौगढ़, आरोन और जामनेर, चांचौड़ा विधानसभा क्षेत्र के चांचौड़ा, कुंभराज और मधुसूदनगढ़ व बमौरी विधानसभा क्षेत्र के बमौरी, फतेहगढ़ और म्याना में अब एक-एक अध्यक्ष होगा।गुना जिले में बदलाव के बाद 12 ब्लॉकों में एक-एक अध्यक्ष बनाया जाएगा। इनकी 11-11 सदस्यीय कार्यकारिणी भी होगी, जिसमें मुख्य पद महामंत्री, उपाध्यक्ष और कोषाध्यक्ष का होगा। पूर्व में सात ब्लॉक हुआ करते थे, जिनको बढ़ाकर 12 कर दिए हैं। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार जिले में हर विधानसभा क्षेत्र में तीन-तीन अध्यक्षों की नियुक्ति के अलावा जिले भर में 36 मंडलम् बनेंगे, हर ब्लॉक में लगभग 9 मंडल होंगे। इनकी कार्यकारिणी अध्यक्ष समेत 11 सदस्यीय होगी।
दावेदार हुए सक्रिय
बताया जाता है कि जिले में 12 नए ब्लॉक अध्यक्ष और 36 मंडलम् अध्यक्ष बनना है, इन पदों पर नियुक्ति के लिए दावेदार सक्रिय हो गए हैं। इन अध्यक्षों की दौड़ में डेढ़ दर्जन से अधिक कांग्रेसी लगे हुए हैं। पिछले दिनों गुना-शिवपुरी संसदीय क्षेत्र के कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के आने पर दावेदारों ने समर्थकों के जरिए अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया था। इसके बाद कार्यकर्ताओं में जोर आया है।
खत्म नहीं हो रही गुटबाजी
सूत्र बताते हैं कि भाजपा के साथ-साथ कांग्रेस में भी गुटबाजी कम नहीं हैं। भाजपा में तो ये स्थिति हो गई है कि अब नेता व पदाधिकारी एक-दूसरे को देखना भी पसंद नहीं कर रहे हैं, जिसके चलते पार्टी के कार्यक्रमों में पदाधिकारियों की संख्या दिनों-दिन कम होती जा रही है। उधर टिकट के दावेदार भी एक-दूसरे के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं। इसके विपरीत परिणाम भी समय-समय पर दोनों ही पार्टियों को देखते मिलते हैं।
Published on:
19 May 2018 10:02 am
बड़ी खबरें
View Allगुना
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
