
फोन-पे का कर्मचारी बताकर पीएम स्ट्रीट वेंडर से लोन दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी
गुना। पीएम स्ट्रीट वेंडर योजनांतर्गत लोन दिलाने के नाम पर सैकड़ों लोगों के साथ धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। लोगों से दो सौ से पांच सौ रुपए तक प्रति फॉर्म के नाम पर वसूलने वाला उक्त युवक बुधवार को कर्नलगंज क्षेत्र में लोगों के हत्थे चढ़ गया। फिर क्या था गुस्साई भीड़ उसका जुलूस बनाकर सिटी कोतवाली ले आई। पुलिस के अनुसार राकेश रघुवंशी नामक युवक ने सब्जी मंडी, ईदगाहबाड़ी, कर्नलगंज सहित पिछड़ी बस्ती के भोलेभाले लोगों को पीएम स्ट्री वेंडर योजनांतर्गत दस से बीस हजार रुपए का लोन दिलाने का लालच दिया। इस दौरान राकेश ने खुद का फोन पे कंपनी का कर्मचारी बताते हुए लोन की प्रोसेसिंग फीस के नाम 200 से 500 रुपए वसूले। यह पूरा खेल उसके द्वारा दिसंबर 21 एवं जनवरी 22 में किया गया। इस दौरान लोगों को उसने काम होने के लिए पहले दस दिन फिर एक महीने का टाइम दिया। जब लोगों ने उसको फोन लगाना शुरू किया तो वह टालमटोल करता रहा। बाद में उसने खुद का फोन बंद कर लिया। इसी दौरान बुधवार को उक्त युवक कर्नलगंज निवासी गोलू ओझा सहित अन्य लोगों के हत्थे चढ़ गया। इस दौरान उसके द्वारा फिर से उन्हें मूर्ख बनाने की कोशिश की गई। लेकिन पहले से ही धोखा खाए लोग उसे अन्य लोगों के बीच ले गया। यहां उसका जुलूस बनाकर स्थानीय लोग सिटी कोतवाली पहुंचे। यहां उस पर धोखाधड़ी की कार्रवाई देर शाम तक जारी रही।
-
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के फॉर्म जमा करने उमड़ी भीड़
विभाग ने 11 मार्च तक अंतिम बढ़ाई अंतिम तिथि
गुना। जिले में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के खाली पदों पर हो रही भर्ती में आवेदन जमा करने बुधवार को बड़ी संख्या में महिलाएं एवं युवतियां पहुंची। हालांकि महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आवेदन की अंतिम बढ़ाकर 11 मार्च कर दी गई। जिसके बाद बढ़ती भीड़ को देखते हुए विभाग ने फॉर्म लेना बंद कर दिया और लोगों को अगले दिन आने को कहा।
उल्लेखनीय है कि शहर में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के लिए 19 फरवारी से आवेदन शुरू हुए थे। बुधवार को आवेदन करने का अंतिम दिन थी, जिसे बढ़ाकर 11 मार्च कर दी गई। महिला एवं बाल विकास परियोजना विभाग द्वारा जारी आदेश में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के कुल 10 पदों पर भर्ती होनी थी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पद के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता कक्षा 12वीं और आंगनबाड़ी सहायिका के पद के लिए शैक्षणिक योग्यता कक्षा 5वीं, आयु 18 से 45 वर्ष और संबंधित वार्ड का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है।
इन वार्डों में होगी भर्ती
आंगनबाडी कार्यकर्ता के लिए आंगनबाडी केन्द्र कोरी मोहल्ला वार्ड क्रमांक 15, सलीम की बाड़ी वार्ड 5 में, आंगनबाडी सहायिका पद के लिए आंगनबाडी केन्द्र उमरिया वार्ड 10, ईदगाह बाडी प्रथम वार्ड 07, मरघट रोड वार्ड 11, बरवटपुरा वार्ड 19, घोसीपुरा प्रथम वार्ड 28, विंध्याचल कालोनी प्रथम वार्ड 22, दुर्गा कालोनी प्रथम वार्ड 3 तथा जगनपुर चक वार्ड 21 शामिल हैं।
Published on:
3 Mar 2022, 1:39 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.