
डेयरी संचालक के घर से 29 लाख की चोरी, चोरों का प्लान देख हैरान रह गई पुलिस
ग्वालियर। बेटी,दामाद के साथ मॉल घूमने गए डेयरी संचालक के घर में चोरी हो गई। चोरों ने कॉलोनी की स्ट्रीट लाइट बंद कर मेनगेट के ताले तोड़े। इत्मिनान से पूरे घर की तलाशी ली। भूख लगने पर किचिन में जाकर फ्रिज खोला और कोल्ड ड्रिंक पी,पिस्ते खाए। घर में बेटी की करीब 22 लाख की ज्वैलरी,550 डॉलर और कारोबारी के 7 लाख रुपए रखे उन्हें चुराया। चोर करीब एक घंटे तक घर में रहे। आधी रात के बाद कारोबारी परिवार वापस लौटा तब वारदात सामने आई।
वारदात के करीब ढाई घंटे बाद जलालपुर रोड पर पुलिस ने चोरों को घेर लिया,लेकिन पकड़ नहीं पाई। घेराबंदी की तो गिरोह गुरुनानक नगर में कार और उसमें कुछ जेवरात छोड़कर भाग गया। आनंद नगर बी ब्लॉक 556 निवासी डेयरी संचालक सतीशचंद्र पाण्डेय ने बताया दो दिन पहले बेटी रिचा और दामाद हरविंदर बेगलूरु से आए हैं। दोनों सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। बुधवार को दोनों ने घूमने की जिद की तो पत्नी सहित उनके साथ रात करीब 8 बजे डीडी मॉल चले गए।
1 बजे लौटे तो मेनगेट का ताला टूटा था। अंदर भी तीन कमरों की चौखट से कुंदे उखाड़ कर चोरों ने पूरा घर खंगाला था। अंदर कमरों में चार अलमारियां हैं। उनमें रिचा की ज्वैलरी और उनके करीब 7 लाख रुपए थे। दूसरे कमरे की अलमारी में भी कुछ गहने और छोटी अलमारी की दराज में दो लाख रुपया था। रकम कारोबार के सिलसिले में लाए थे। चोरों ने 7 लाख रुपया और करीब 22लाख के जेवर समेटा।
घर से निकलने से पहले ड्राइंग रूम और बेडरूम से दोनों एलसीडी उतारे, फिर भी मन नहीं भरा तो छत पर जाकर घी के चार टीन भी उतार लाए। हालांकि घी ले जा नहीं सके। कारोबारी के यहां चोरी का पता चलने पर रात गश्त में मौजूद सीएसपी धर्मपाल मीणा उनके घर पहुंचे और फिंगर प्रिंट और डॉग स्कॉवाड को बुलाया। ट्रैकर डॉग सतीश के घर से करीब ४०० मीटर दूर मेनरोड पर आकर रुक गया। पुलिस का कहना था चोर यहां तक चोरी का पूरा सामान पैदल लादकर लाए हैं फिर किसी वाहन से भाग गए।
घेराबंदी की तो नई कार छोड़ भागे
बहोड़ापुर एफआरवी स्टाफ का कहना था कि चोर नई कार में थे। गुरुनानक नगर में मिली कार की तलाशी ली तो उसमें बनियान,पेंट,शर्ट,टी शर्ट,बीड़ी का बंडल,सिगरेट के अलावा चांदी की राधाकृष्ण की मूर्ति,चांदी के सिक्के, सहित चांदी के कुछ जेवर और सोने की चेन,गहने रखने के खाली पर्स मिले हैं। आशंका है चोरों ने कार में कपड़े बदले हैं और जेवरों का बंटवारा किया है। हड़बड़ी में चांदी के जेवर व कार छोड़कर भाग गए।
तीन थानों की पुलिस को छकाया
चोर नई कार से आए थे,गैंग को जलालपुर पर पुलिस ने रोका तो चोर वापस भागे। पुरानी छावनी,हजीरा,लधेड़ी की सड़कों पर पुलिस को छकाया फिर गुरुनानक नगर की गली मेंं घुस गए। रास्ता नहीं मिला तो कार छोड़कर भाग निकले। कार अजीत गुर्जर की बताई जा रही है।
स्ट्रीट लाइट बंद कर ताले तोड़े
सतीश के पड़ोसियों ने बताया कॉलोनी की स्ट्रीट लाइट में सहूलियत के लिए ऑन-ऑफ स्विच लगा रखे हैं। रात करीब 10 बजे दोनों स्ट्रीट लाइट बंद थी। चोरों ने सतीश के मेनगेट का ताला तोडऩे से पहले लाइट के बटन ऑफ किए करीब दो घंटे तकलाइट बंद रही। किसी निवासी से आकर बटन ऑन किए तब तक चोर सामान समेट कर भाग चुके थे।
ताला देखकर चोरी
घूमने जाते समय सतीश ने इंटरलॉक के साथ हैगिंग लॉक भी लगा दिया। ताला लटका देखकर चोर भांप गए मकान सूना है। चोरों ने मेनगेट का ताला काटा अंदर कमरों के ताले घर में रखी बड़ी करछी से तोड़े।
"चोरों की कार की प्लेट पर नंबर दर्ज नहीं है। चेसिस और इंजन नंबर से चोरों पता ठिकाना ढूंढने की कोशिश की गई। लेकिन मध्यप्रदेश और यूपी में कार का रजिस्ट्रेशन नहीं मिला है। अब राजस्थान परिवहन विभाग और कार कंपनी से जानकारी जुटाई जा रही है।"
राघवेन्द्र सिंह, बहोड़ापुर टीआई
पिता बोले- पैसा नहीं, बेटी के जेवर चाहिए
बेटी को बदहवास देखकर पिता सतीश भावुक हो गए,बेटी से बोले कि चोर पूरा पैसा ले जाएं,लेकिन तेरा जेवर वापस मिल जाए,यही तमन्ना है। उन्होंने पुलिसकर्मियों से भी कहा कुछ भी करो,लेकिन चोरों से बेटी का जेवर वापस दिलाओ। मैं बेटी को दुखी नहीं देख सकता।
बिलख पड़ी बेटी
चोरी गए जेवर चोर कार में छोड़कर भाग गए हैं,पता चलने पर रिचा और हरविंदर बहोड़ापुर थाने पहुंच गए। यहां हेड मोहर्रर की टेबिल पर जेवर बिखरे देखते ही रिचा चीख पड़ी कि यह तो उनके जेवर हैं,बाकी जेवर नहीं मिलने से बदहवास होकर रो पड़ीं और गश्त खाकर गिर पड़ीं।
चोरी गए सामान में 550 डॉलर भी
7 लाख नकद,हीरे का मंगलसूत्र,हीरे की अंगूठी,सोने का मर्दाना कड़ा, कॉलर नेकलेस,सोने की 4 झुमकी,सोने की 3 तीन वजनी चेन,सोने के टॉप्स, 2 जोडी पायल,सोने की 4 चूडियां,चांदी के राधाकृष्ण,चांदी की गाय,चांदी के सिक्के,रोजमर्रा का इस्तेमाल का जेवर,दो एलसीडी सहित 550 डॉलर चुराए।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Published on:
25 May 2018, 1:40 PM IST
बड़ी खबरें
View Allग्वालियर
मध्य प्रदेश न्यूज़




