ग्वालियर/शिवपुरी। ग्वालियर चंबल संभाग के शिवपुरी जिले के खनियाधाना नगर के प्राचीन किले में स्थित करीब 300 वर्ष प्राचीन राम जानकी मंदिर के शिखर पर लगा हुआ करीब 50 किलो वजन का सोने का कलश बीती रात अज्ञात चोर चुरा कर ले गए। चोरी हुए कलश की कीमत 15 करोड़ रुपए आंकी गई है। सूचना मिलते ही पिछोर एसडीओपी आरपी मिश्रा तथा खनियाधाना टीआई राकेश शर्मा, डॉग स्कॉड तथा फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है। खनियांधाना नगर में स्टेट टाइम का किला है। इसमें एक प्राचीन मंदिर है, जिसके शिखर पर एक 50 किलो वजनी सोने का कलश लगा हुआ था। किले में खनियांधाना के राजा रहे खलकसिंह जूदेव के परिजन व नगर पंचायत अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह बुंदेला निवास करते हैं। बीती रात चोरों ने मंदिर पर लगे 50 किलो वजनी कलश को चुराकर ले गए। सुबह 6 बजे शैलेन्द्र जब भोपाल जाने के लिए घर से निकले तो अचानक उनकी नजर मंदिर के गुम्मद पर चली गई। गुम्मद पर लगा सोने का कलश उनको नहीं दिखा। इस पर शैलेन्द्र ने आसपास रहने वाले लोगों को बुलाकर दिखवाया तो कलश गुम्मद से गायब था। बाद में मामले की सूचना पुलिस को दी गई, तो मौके पर टीआई राकेश शर्मा सहित पुलिस बल पहुंचा और प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। घटना के बाद से बाजार बंद है तथा नगरवासियों ने प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम देकर चोरों को पकडऩे की मांग की है।