25 अक्टूबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

बड़ी खबर : राहुल बाबा को दूरबीन से नहीं दिखेगी देश में कांग्रेस : अमित शाह,see video

बड़ी खबर : राहुल बाबा को दूरबीन से नहीं दिखेगी देश में कांग्रेस : अमित शाह,see video
6 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

ग्वालियर

•

image

monu sahu

•

Updated: 9 Oct 2018, 4:16 PM IST

amit shah

बड़ी खबर : राहुल बाबा को दूरबीन से नहीं दिखेगी देश में कांग्रेस : अमित शाह

ग्वालियर। मध्यप्रदेश में भाजपा की जीत से काम नहीं चलेगा,बल्कि आप लोग इतनी ताकत से सरकार बनाएं कि दुश्मनों के दिल की धडक़नें बंद हो जाएं। यह बात मंगलवार को पोलोग्राउंड पर आयोजित कार्यकर्ताओं के पालक संयोजक बूथ सम्मेलन में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कही। शाह ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि अभी देश के 70 प्रतिशत भू-भाग पर भाजपा की सरकार है और आगामी समय में होने वाले चुनाव में राहुल बाबा को दूरबीन से भी देश में कांग्रेस नहीं दिख पाएगी। शाह ने जहां एक तरफ कार्यकर्ताओं में जोश भरा,वहीं दूसरी मुख्यमंत्री की तारीफों के पुल भी बांधे।

निर्धारित समय से एक घंटे देरी से मंच पर पहुंचे अमित शाह ने कहा कि यह अमर शहीद तात्याटोपे की बलिदान स्थली है और राजमाता सिंधिया की कार्यस्थली है। राजमाता ने जनसंघ से शुरुआत की और फिर पूरे देश में उन्होंने कार्यकर्ताओं को अपने ममतामयी आंचल के तले तैयार किया और आज 19 राज्यों में भाजपा की सरकार है। राजमाता का जन्म शताब्दी वर्ष तब सार्थक होगा,जब प्रदेश में फिर भाजपा की सरकार और 2019 में फिर नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाएंगे।

शाह ने कहा कि भाजपा की शुरुआत 10 लोगों से हुई जो आज 11 करोड़ सदस्यों की पार्टी बनकर विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बन गई। भाजपा की स्थापना 1950 में हुई और इस दौरान कई वरिष्ठ नेताओं ने अपना सर्वस्व न्यौछावर करके पार्टी को इस जगह तक पहुंचाया। शाह ने कहा कि मप्र में भाजपा की सरकार अंगद का पैर है, जिसे कोई हिला नहीं सकता। इस दौरान शाह ने अपनी उपलब्धि गिनाते हुए उन सभी 19 राज्यों के नाम बताए, जहां भाजपा की सरकार उनके नेतृत्व में बनी।

इसके बाद उन्होंने केंद्र की योजनाओं का बखान करते हुए कहा कि देश में 5 करोड़ महिलाओं को उज्जवला के तहत गैस चूल्हा,साढ़े 7 करोड़ घरों में शौचालय,12 करोड़ युवाओं को विभिन्न योजनाओं के तहत रोजगार, 2 करोड़ घरों व 17 हजार गांव में बिजली दी, 2 करोड़ परिवारों को आवास मिला। शाह ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि देश पर 55 साल राज करने वाली कांग्रेस ने किसानों के लिए कुछ नहीं किया,लेकिन नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बनी सरकार ने किसानों को उसकी फसल की डेढ़ गुना दाम देना तय किया। अभी हाल ही में आयुष्मान योजना शुरू हुई है,जिसमें देश के 50 करोड़ गरीबों व 10 करोड़ परिवारों को 5 लाख रुपए तक का उपचार नि:शुल्क किया जाएगा।

कार्यक्रम की झलकियां
जैसे ही अमित शाह मंच पर आने वाले थे,उससे पूर्व उनके साथ चलने वाली सुरक्षा ऐजेंसी एनएसजी कंमाडो ने मैटल डिटेक्टर से माइक सहित पूरे मंच को बारीकी से जांचा-परखा। इसके बाद पूरे मंच स्थल पर कंमाडो चारो तरफ से अपनी गहरी नजर गढ़ाए रहे।
कार्यक्रम में जैसे ही अमित शाह ने जोर से उनके साथ बोलने को कहा तो कार्यकर्ताओ की आवाज धीमी आई जिस पर उन्होने चंबल क्षेत्र होने की बात पर जोर दिया तब कही जाकर कार्यकर्ताओ ने तेज आवाज में नारे लगाए।


कार्यक्रम के बीच-बीच में कुछ यशोधरा राजे सिंधिया के समर्थक अम्मा महाराज अमर रहे के नारे लगाते हुए दिखाई दिए। चूंकि उस समय राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह खुद भाषण दे रहे थे तो मंच पर बैठी मंत्री यशोधरा ने ईशारे में अपने कार्यकर्ताओ को चुप कराने की बात कही। शुरूआत में पंडाल में आधी से अधिक कुर्सिया खाली थी,लेकिन राष्ट्रीय अध्यक्ष आते-आते पूरी कुर्सिया भर गई बल्कि सैकड़ो लोग पंडाल के अंदर खड़े होकर शाह को सुनते हुए दिखाई दिए।

प्रदेश के कांग्रेस नेताओं पर कसा तंज
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस की नैया राजा-महाराजा और उद्योगपति के सहारे है। प्रदेश में जब कांग्रेस के श्रीमान बंटाढार की सरकार थी तब प्रदेश का बजट 20 हजार करोड़ रुपए था,जिसे शिवराज सिंह की सरकार ने 13 साल में 2 लाख करोड़ रुपए का कर दिया। शिवराज सरकार ने प्रदेश में बिजली के क्षेत्र में विशेष उपलब्धि हासिल की और जो बिजली कांग्रेस सरकार में मिलती नहीं थी,वो अब 24 घंटे मिल रही है। प्रदेश की विकास दर सबसे अधिक 22 प्रतिशत तक पहुंच गई, जबकि कांग्रेस सरकार में यह मायनस-4 थी।

सुरक्षा के मुद्दे पर भी बोले शाह
शाह ने कहा कि जबसे केंद्र व प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है, देश को सुरक्षा मिली है। जब सोनिया-मनमोहन की सरकार थी,तब जामिया-जमालिया जैसे देश में घुसकर हमारे जवानों को मारते थे। जब नरेंद्र मोदी की सरकार बनी तो पाकिस्तान ने फिर ऐसी हरकत की और हमारे 12 जवानों को रात में सोते समय जलाकर मार दिया था। लेकिन उसके महज 10 दिन बाद ही हमारे जवानों ने पाकिस्तान में घुसकर सर्जीकल स्ट्राइक करके अपने साथियों की शहादत का बदला लिया।

अभी तक दुनियां में सिर्फ दो ही देश अमेरिका व इजराइल थे, जो दुश्मन के घर में घुसकर बदला लेते थे, लेकिन अब तीसरा देश हमारा भारत हो गया। कांग्रेस ने कभी वन रेंक-वन पेंशन की तरफ ध्यान नहीं दिया, जबकि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने एक ही साल में देश के जवानों को यह सुविधा दी। शाह ने कहा कि ग्वालियर-चंबल क्षेत्र वो है,जहां के सबसे अधिक युवा फौज में जाते हैं और भारत माता की रक्षा के लिए अपनी जान कुर्बान करते हैं।

घुसपेठियों को करेंगे बाहर
अमित शाह ने कहा कि जब हमने बांग्लादेशी घुसपैठियों को बाहर करने का निर्णय लिया और 40 लाख लोगों को जब घुसपैठियों के रूप में चिन्हित किया तो संसद में राहुल बाबा सहित उनकी पूरी गैंग करुण रुदन करने लगी, क्योंकि उन्हें अपना वोट बैंक दिख रहा था। शाह ने मौजूद कार्यकर्ताओं से पूछा कि क्या घुसपैठियों को बाहर किया जाना चाहिए या नहीं, तो सभी ने एक साथ कहा हां, तो शाह बोले कि 2018 में मध्यप्रदेश में सरकार बनाओ और 19 में फिर से नरेंद्र भाई मोदी को प्रधानमंत्री बनाओ तो एक-एक घुसपैठिए को चुन-चुन कर देश से बाहर करेंगे।

कार्यकर्ताओं को यह दिए टिप्स
शाह ने भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा कि केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार ने इतनी योजनाएं चलाई हैं कि यदि आप लोग हितग्राहियों के पास ही पहुंच जाएंगे तो फिर भाजपा को कोई नहीं हरा सकता। उन्होंने कहा कि आप लोग घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करें और उन्हें बताएं कि भाजपा की प्रदेश व केंद्र सरकार ने उनके लिए क्या किया है। शाह ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि तीन बार आपने सरकार बनाई है तो अब फिर से आपको उतनी ही ताकत लगानी होगी। मतदान वाले दिन मतदाता को पोलिंग बूथ तक लेकर जाएं।

शहर के कई रास्तों को किया बंद
अमित शाह जब शहर में रहें उस समय किसी भी तरह की परेशानी ट्रैफिक को लेकर न आए, इसके लिए पुलिस ने हवाई पट्टी के पास, लुधावली पहुंच मार्ग, गुना वायपास, एबी रोड़, गुरूद्वारा, हनुमान पुल, झांसी तिराहा आदि स्थानों पर वैरीकेट्स लगा कर रास्ते पर आवगमन बंद कर दिया। यह आवागमन अमित शाह के आने से आधा घंटा पहले और जाने से आधा घंटे पहले बंद किया गया। इस कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्वागत के लिए आए,पता नहीं कौन आया है
भाजपा के तथाकथित नेता भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सामने शक्ति प्रदर्शन के लिए गांव व कॉलोनियों से लोगों और महिलाओं की भीड़ लेकर आए। पत्रिका ने जब ऐसे ही कुछ लोगों से बात की। पोहरी के लोखरी गांव से आए लोगों ने बताया कि उन्हें भाजपा के नेता लेकर आए हैं। जब उनसे यह पूछा गया कि वह किसके स्वागत में आए हैं? उनका कहना था कि उन्हें नहीं पता कि कौन आ रहा है। इसी तरह कुछ अन्य स्थानों पर भी कॉलेज स्टूडेंट्स व घरेलू महिलाओं को बुलाकर रखा था, उन्हें भी पता नहीं था कि वह किसके सत्कार के लिए आए हैं और जो आ रहा है वह कौन है?

अमित शाह और सीएम को दिखाए काले गुब्बारे
सर्वजन युवा शक्ति मोर्चा के युवाओं ने एससीएसटी एक्ट के विरोध में अमित शाह को काले झंडे दिखाने के लिए हवाई पट्टी पहुंचे, परंतु पुलिस ने अमित शाह और सीएम शिवराज सिंह चौहान के आने से पहले ही पुलिस ने कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। कुछ देर बाद जब शिवराज सिंह चौहान व अमित शाह का हेलीकॉप्टर जैसे ही शिवपुरी पहुंचा तो सर्वजन युवा शक्ति मोर्चा के एक अन्य ग्रुप ने हवा में काले गुब्बारे छोड़ कर अपना विरोध दर्ज कराया। पुलिस ने जिन लोगो ंको गिरफ्तार किया उनमें बृजेश तोमर, नीरज तोमर, प्रदीप तोमर, संदीप सिंह राजपूत, लोकेन्द्र सिंह परमार, उपेन्द्र सिंह, शुभम पुण्ढीर, अंकित, सर्तनु, अंकित रघुवंशी, केशव शर्मा, धर्मेन्द्र गौड़, लोकेश ओझा, वैभव श्रीवास्तव, दिलीप शर्मा, धर्मेन्द्र ओझा, राजवर्धन सिंह, आशीष शर्मा, बृजेश खेमरिया, सुनील कुमार, मस्तराम आदि शामिल हैं।

...और सब्जी के ठेले को बनाया भाजपा की दुकान
भाजपा कार्यकर्ताओं की स्थिती यह थी कि उन्होंने अमित शाह के आने जाने के रास्ते को भाजपा मय बनाने के लिए ऐसी कोई जगह नहीं छोड़ी जहां सडक़ किनारे भाजपा के झंडे नजर न आएं। इसी क्रम में सडक़ किनारे खड़े एक सब्जी के ठेले के चारों कोनों पर भी भाजपा के झंडे लगा दिए गए।