ग्वालियर। जबलपुर से बैठक में शामिल होकर कार से ग्वालियर लौट रहे उच्च न्यायालय अभिभाषक संघ के अध्यक्ष अनिल मिश्रा, उपाध्यक्ष राजीव शर्मा सहित पांच अभिभाषकों पर रविवार रात को बदमाशों ने लाठी, सरियों से जानलेवा हमला कर लूट लिया। घटना सागर के पास मालथौन थाने से 10 किलोमीटर दूरी पर हुई। बदमाश अभिभाषकों के मोबाइल, सोने की अंगूठियां, चेन, पर्स सहित 75 हजार रुपए लेकर फरार हो गए। जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को पास के स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया, लेकिन हालत गंभीर होने पर सभी को देर रात एंबुलेंस से पुलिस के साथ ग्वालियर भेज दिया। सुबह सात बजे ग्वालियर पहुंचे पांचों को अपोलो हॉस्पिटल में भर्ती किया।