ग्वालियर। देश में 23 जुलाई से देवशयनी एकादशी के साथ ही मांगलिक कार्यों पर पूर्ण रूप से विराम लग जाएगा। साथ ही चार माह तक कोई भी मांगलिक कार्यों के मुहूर्त नहीं निकलेंगे। इन चार माह में विवाह,उपनयन संस्कार,गृह-प्रवेश,प्राण प्रतिष्ठा जैसे शुभ कार्य नहीं हो सकेंगे। पंडित सतीश सोनी ने बताया कि शनिवार को विवाह का आखिरी मुहूर्त था जो खत्म हो गया है। अब विवाह के मुहूर्त अगले साल हैं। चार माह बाद 19 नवंबर को देवउठनी एकादशी से ही मांगलिक कार्य शुरू हो सकेंगे। हिंदू मान्यता के अनुसार देवशयनी एकादशी से ही विष्णु भगवान चातुर्मास में शयन करने पाताल लोक में चले जाते हैं।