
अभी बारिश के लिए करना होगा इंतज़ार, इस दिन से लगेगी सावन की झड़ी
ग्वालियर/ मध्य प्रदेश (Madhya pradesh) में मानसून ने तय समय पर दस्तक दे दी। प्रदेशभर में झमाझम बारिश का सिलसिला भी शुरु हो गया, लेकिन बीते एक सप्ताह से प्रदेशभर में बादल थम से गए हैं। मौसम विभाग का कहना है कि, प्रदेशवासियों को मॉनसूनी झड़ी के लिए अभी थोड़ा और इंतज़ार करना होगा। विभाग के मुताबिक, प्रदेश में 4 सिस्टम सक्रिय हैं, लेकिन बारिश के लिए बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में सिस्टम सक्रिय होने तक प्रदेश में झमामझम बारिश के कोई आसार नहीं है। विभाग का अनुमान है कि, ये सिस्टम 24 जुलाई तक बनने की अधिक संभावना है। इसके बाद प्रदेश में बारिश की झड़ी लग सकती है।
ग्वालियर-चंबल- मालवा में तेज बौछारें पड़ने की संभावना
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि, मानसून द्रोणिका अजमेर, गुना उमरिया, अंबिकापुर, जमशेदपुर से बंगाल की खाड़ी तक पहुंच चुकी है। उत्तरी मध्य प्रदेश पर एक ऊपरी हवा का चक्रवात बन रहा है। दक्षिणी गुजरात पर भी एक चक्रवात सक्रिय है। इसके अलावा मध्य प्रदेश के पास भी पूर्वी और पश्चिमी हवाओं का टकराव हो रहा है। इन चार सिस्टम के कारण प्रदेश के ग्वालियर चंबल और मालवा क्षेत्र में तेज बौछारें पड़ने की अधिक संभावना है।
बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में सिस्टम बनने का इंतजा़र
एक तरफ मौसम विभाग का कहना है कि, प्रदेश में चार सिस्टम सक्रिय हैं, बावजूद इसके प्रदेशभर में कहीं भी झमाझम बारिश नहीं हो रही है, ऐसे में विभाग का मानना है कि, पर्याप्त दबाव बनने के लिए कुछ और सिस्टम का इंतजार करना होगा। प्रदेश में झमाझम बारिश तभी होगी जब बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में चक्रवात बनेगा। हालांकि जो फिलहाल सिस्टम सक्रिय हैं उनसे ग्वालियर-चंबल और मालवा क्षेत्र में बौछारें पड़ने के आसार है।
24 जुलाई के बाद तेज बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में फिलहाल कोई मानसूनी सिस्टम सक्रिय नहीं है। इसी के चलते मध्य प्रदेश में अब तक तेज बारिश की झड़ी नहीं लगी रही है। हालांकि, कहीं कहीं छुटपुट बौछारों का सिलसिला जारी है। 24 जुलाई के आसपास बंगाल की खाड़ी में एक ऊपरी हवा का चक्रवात बन सकता है। उसके सक्रिय होने के बाद ही प्रदेश में एक बार फिर मानसून के रफ्तार पकड़ने के आसार हैं।
पढ़ें ये खास खबर- ऑफिस में रखें इन बातों का ख्याल, कोरोना संक्रमण से बचे रहेंगे आप
9 जिलों में सामान्य से कम बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में अब तक इस सीजन की कुल 306.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 269.9 मिलीमीटर ज्यादा है। यानी अब तक 14 फ़ीसदी बारिश ही ज्यादा हुई है। इसके बावजूद प्रदेश में अब भी 9 जिले ऐसे हैं, जहां सामान्य से भी कम बारिश हुई है। इनमें ग्वालियर, भिंड, शिवपुरी, श्योपुर टीकमगढ़, जबलपुर, छतरपुर, मंदसौर और अलीराजपुर शामिल है। कम बारिश होने से यहां किसानों के लिए परेशानी बढञ गई है।
Published on:
18 Jul 2020, 3:46 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.