
ग्वालियर। डेंगू,मलेरिया से कम हुए प्लेटलेट्स को बढ़ाने के लिए हर्बल दवा तैयार की गई है। इससे प्लेटलेट्स कम होने पर होने वाली मौत को रोका जा सकेगा। यह दवा शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय आमखो के द्रव्यगुण विभाग ने तैयार की है। चार औषधीय पौधों से बनी दवा कम्पोनेंट के रूप में उपलब्ध होगी। इनमें अतिबला, पपीता, जलजमनी और दूर्वा औषधीय पौधों का उपयोग किया गया।
अस्पताल में पांच मरीजों को यह दवा पिलाई गई। इनमें कॉलेज के एक एसोसिएट प्रोफेसर भी शामिल थे।हर्बल दवा डेंगू और मलेरिया वायरस को जीवन चक्र पूरा करने से पहले ही मार देती है। इससे बीमारी एक सप्ताह से पहले ही ठीक होने लगती है।
द्रव्यगुण विभाग के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. केएल शर्मा ने बताया कि पांच मरीजों पर सात दिन में मिले परिणाम से सामने आया कि औषधियों के प्रयोग से प्लेटलेट्स काउंट औसत ५० हजार से बढ़कर १.५० लाख हो गए। मरीजों को यह दवा सुबह-शाम दी गई। दवा प्लेटलेट्स कम होने से होने वाले रक्तस्त्राव को भी रोकती है।
मौत का कारण
डेंगू और मलेरिया के साथ अन्य बीमारी में प्लेटलेट्स कमी होने लगती है। अधिकतर मौत का कारण प्लेटलेट्स की संख्या कम होना रहता है। हर्बल दवा प्लेटलेट्स की कम संख्या को बढ़ा देती है।
"औषधीय पौधों से तैयार की गई दवा हमने पांच मरीजों को दी। दवा देने के बाद सात दिन में उनके प्लेटलेट्स ५० हजार से बढ़कर १ लाख ५० हजार तक पहुंच गए।"
डॉ. केएल शर्मा, विभागाध्यक्ष, द्रव्यगुण विभाग, शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय
Published on:
20 Apr 2018, 5:28 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.