
बहन से राखी बंधवाने जा रहे भाई की रास्ते में पत्थर से कुचलकर हत्या
ग्वालियर। बहन से राखी बंधवाने अपने गांव आ रहे युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गई। उसका चश्मा, घड़ी और खून से सना पत्थर शव के पास पड़े हुए थे। लेकिन बाइक और मोबाइल गायब थे। हत्या से पहले मृतक की हत्यारों से हाथापाई भी हुई है क्योंकि घटनास्थल पर पट्टे से टूटी घड़ी और चश्मा इसकी पुष्टि कर रहे थे। उसे आखिरी बार दो लोगों को साथ देखा गया था। पुलिस उनका पता कर रही है। शाम तक हत्यारों का पुलिस पता नही लगा सकी तो गुस्साएं परिजनों ने गांववालों के साथ मोहना थाना घेर लिया। उनका कहना था हत्यारों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।
पुलिस के मुताबिक ककैटो (मोहना) निवासी धर्मेन्द्र धाकड़ (26) पुत्र बलराम की हत्या कर दी गई। उसका शव रविवार सुबह प्रीतम फार्म रोड मनीराम धाकड़ के खेत पर खून से लथपथ पड़ा मिला। धर्मेन्द्र ट्रांसपोर्ट नगर में मोटर ट्रांसपोर्ट पर काम करता था। रक्षाबंंधन पर बहन से राखी बंधवाने के लिए शनिवार को अपनी बाइक से ग्वालियर से ककैटों के लिए निकला था। शाम करीब 6 बजे उसे मोहना में दो लोगों के साथ देखा गया था। इसके बाद से उसका पता नहीं चला। जब रात तक घर नहीं पहुंचा तो घरवालों ने उसका मोबाइल लगाया। लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ था। रविवार सुबह राहगीर ने शव को देखा तो पुलिस को खबर दी। कुछ देर बाद मोहना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुडिया खरीदकर तीनों एक बाइक से निकले थे
धर्मेन्द्र ने मोहना में एक दुकान पर गाड़ी रोकी। दुकानदार से तंबाकू की पुडिय़ा खरीदी। चूंकि दुकानदार भी धर्मेन्द्र के समाज का था इसलिए उसे पहचानता था। उसने पुलिस को बताया कि धर्मेन्द्र के साथ दो लोग बातचीत कर रहे थे। फिर तीनों बाइक पर बैठकर निकल गए। पुलिस को शक है धर्मेन्द्र की हत्या में उन्हीं दोनों का हाथ है। हत्या के बार दोनों उसकी बाइक और मोबाइल लेकर भागे हैं।
पत्नी को भेजा गांव
धर्मेन्द्र की पत्नी, बेटा राज (4), बेटी अनन्या (2) जागृति नगर में धर्मेन्द्र के साथ रहते थे। पत्नी बच्चों को शुक्रवार को गांव भेज दिया था। उनसे कहा था अगले दिन शाम तक वह भी गांव आ जाएगा। पत्नी उसका इंतजार कर रही थी। लेकिन धर्मेन्द्र तो नहीं पहुंचा उसकी मौत की खबर पहुंच गई।
अभी गिरफ्तार करो
शाम को मृतक के परिजन, रिश्तेदार, गांववाले सहित करीब 100 लोगों की भीड़ ने मोहना थाने को घेर लिया। उनकी जिद थी कि हत्यारों को अभी गिरफ्तार किया जाए। भीड़ को देखकर पुलिस बल बुला लिया गया। उन्हें समझाया कि हत्यारों का पता लगाया जा रहा है। इसके बाद वह माने और घर लौट गए।
धर्मेन्द्र की पत्थर से कुचलकर हत्या हुई है। उसके साथ आखिरी बार दो लोग देखे गए थे। संभवत: हत्या में उन्हीं दोनों का हाथ हो सकता है। दो लोग कौन थे पुलिस उनका पता कर रही है।
प्रवीण अष्ठाना, एसडीओपी, घाटीगांव
Published on:
27 Aug 2018 01:30 pm
बड़ी खबरें
View Allग्वालियर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
