
mp election 2018 : भाजपा के ये दिग्गज नेता विकास के लिए कभी नहीं हुए एक,चुनाव पर पड़ेगा बड़ा असर
ग्वालियर। प्रदेश में भाजपा की सरकार आने के बाद से सरकार हो या विधानसभा समितियां, उनमें ग्वालियर-चंबल संभाग का दबदबा रहा है, लेकिन भाजपा नेताओं में आपसी समन्वय न होने के कारण ग्वालियर का जो विकास होना था, वह नहीं हो पाया। महत्वपूर्ण बात यह है कि सरकार में दबदबा रखने वाले नेता ग्वालियर के विकास के लिए कभी एक साथ चर्चा के लिए नहीं बैठे, जिससे ग्वालियर आज भी इंदौर के मुकाबले विकास में काफी पीछे है।
नरेन्द्र,नरोत्तम और नारायण रहे मंत्री
२००३ में भाजपा की सरकार बनने के बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री उमा भारती के शासनकाल में ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र के तत्कालीन विधायक नरेन्द्र सिंह तोमर, डबरा के तत्कालीन विधायक डॉ.नरोत्तम मिश्रा और भाजपा संगठन में प्रोफेसर कप्तान सिंह सोलंकी महामंत्री प्रदेश संगठन थे। २००८ और २०१३ के मंत्रिमंडल में वर्तमान मुरैना सांसद व ग्वालियर पूर्व के तत्कालीन विधायक अनूप मिश्रा, नारायण सिंह कुशवाह, रूस्तम सिंह, डॉ.नरोत्तम मिश्रा, यशोधरा राजे सिंधिया, मायासिंह, जयभान सिंह पवैया जैसे प्रभावशाली नेता मंत्री रहे। मायासिंह नगरीय प्रशासन मंत्री, अनूप मिश्रा और डॉ.नरोत्तम मिश्रा स्वास्थ्य मंत्री व यशोधरा राजे उद्योग मंत्री रहीं।
लेकिन ग्वालियर के विकास के लिए यह मंत्री कभी साथ नहीं बैठे, जिसकी वजह से अंचल में न तो अच्छी सडक़ें बन सकीहैं और न अच्छे अस्पताल। पीने के पानी के लिए बनी चंबल परियोजना डेढ़ दशक बाद भी अधर में लटकी है। नरेन्द्र सिंह वर्तमान में केन्द्रीय मंत्री हैं, वह मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के काफी नजदीक भी हैं, लेकिन फिर भी इंदौर की तर्ज पर ग्वालियर का विकास नहीं करा पाए।
विधानसभा की समितियों में इनका रहा दबदबा
2003 से विधानसभा की समितियों में ग्वालियर-चंबल संभाग के आधा दर्जन से अधिक विधायक रहे और समय-समय पर सलाह भी देते रहे। कार्य मंत्रणा समिति में डॉ.नरोत्तम मिश्रा, रामनिवास रावत और दिवंगत विधायक सत्यदेव कटारे रहे। विशेषाधिकार समिति में रामनिवास रावत, सदन समिति में लाखन सिंह यादव, सामान्य प्रयोजन समिति में दिवंगत विधायक सत्यदेव कटारे और सत्यप्रकाश सखवार रहे।
शासकीय आश्वासन संबंधी समिति में सेंवढ़ा के भाजपा विधायक प्रदीप अग्रवाल, याचिका समिति में ग्वालियर ग्रामीण के विधायक भारत सिंह कुशवाह, मेहगांव के मुकेश चतुर्वेदी, कोलारस के दिवंगत विधायक रामसिंह यादव और करैरा की विधायक शकुन्तला खटीक रहीं। सरकारी उपक्रमों संबंधी समिति में बलवीर सिंह दंडोतिया, मेहरबान सिंह रावत और पिछड़ा वर्ग कल्याण संबंधी समिति में भारत सिंह कुशवाह, प्रहलाद भारती शामिल हैं।
विधानसभा में 70 प्रतिशत रही उपस्थिति
अंचल के विधायकों की विधानसभा में उपस्थिति और सवाल पूछने के मामले में रेकॉर्ड ठीक ही रहा। लाहार विधायक डॉ. गोविन्द सिंह, अटेर के विधायक हेमंत कटारे,भिंड के विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह, सुमावली के विधायक सत्यपाल सिंह सिकरवार और ग्वालियर ग्रामीण के विधायक भारत सिंह कुशवाह व डबरा की विधायक इमरती देवी की उपस्थिति ७० प्रतिशत से अधिक रही। यहां के मंत्री भी विधानसभा सत्र में अधिकतर समय उपस्थित रहे।
अंचल के विधायकों ने ये अहम सवाल पूछे
डॉ. गोविन्द सिंह ने घोषणाओं के क्रियान्वयन का मुद्दा उठाया।
बलवीर सिंह दंडोतिया ने जनप्रतिनिधियों के पत्रों पर कार्रवाई न होने का मामला उठाया।
रामनिवास रावत ने राज्य सेवा परीक्षा में आरक्षण नियमों का मामला उठाया।
लाखनसिंह यादव ने भाषाई शिक्षकों की सेवा में बहाली का मुद्दा उठाया।
सत्यपाल सिंह सिकरवार ने मुरैना जिले में तेल रिफायनरी की जानकारी और कर चोरी का मामला उठाया।
हेमन्त कटारे ने स्कूलों का मामला उठाया था।
नरेन्द्र सिंह कुशवाह ने सडक़ मार्ग में हुई गड़बडि़यों का मामला उठाया था।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Published on:
2 Nov 2018, 5:06 PM IST
बड़ी खबरें
View Allग्वालियर
मध्य प्रदेश न्यूज़




