मज़हब-ए-इस्लाम में पवित्र रमज़ान के महीने का आला मुकाम है। इसे यूं समझिए कि अगर बारह महीनों की 'मेरिट-लिस्टÓ बनाई जाए तो पवित्र रमज़ान का महीना 'टॉपरÓ है। यानी नंबर वन पर है। इसकी वजह यह है कि रमज़ान के मुबारक माह में ही इस्लाम धर्म की पवित्र पुस्तक अर्थात पावन कुरआन का नुज़ूल (अवतरण) हुआ। जिस तरह सनातन हिन्दू धर्म में पावन ऋग्वेद अपौरुषेय है अर्थात दिव्यवाणी है, उसी प्रकार इस्लाम धर्म में पवित्र कुरआन भी अपौरुषेय अर्थात दिव्यवाणी है। पवित्र कुरआन की कई आयतों में संयम और रमज़ान का जिक्र है। एक आयत में है 'ऐ ईमान वालों और अहले किताब (कुरआन) रोज़ा रखना फर्ज है। ' खुलासा यह है कि रोज़ा (उपवास) ईमान की रोशनी है। क्योंकि यह सब्र और संयम का पैगाम देता है। रोज़ा दरअसल भूख, प्यास और शहवत (वासनाओं) पर नियंत्रण का नाम है। सब्र की सड़क पर संयम का मुसाफिर है रोज़ेदार, जिसकी मंजिल है अल्लाह की इबादत। खास बात यह है कि इबादत (आराधना) में दिखावा यानी आडंबर नहीं होना चाहिए। इसे यूं कह सकते हैं कि न तो दिखावे की इबादत हो और न इबादत का दिखावा। इबादत दिल से होती है यानी समर्पण भावना से। रोज़ा दरअसल चिराग है, जिसमें अल्लाह की इबादत की लौ से ईमान की रोशनी फैलती है।
-अज़हर हाशमी