
sena bharti
ग्वालियर/शिवपुरी। गुना में आयोजित आर्मी की भर्ती देकर लौट रहे युवाओं ने बुधवार को तीर्थ दर्शन की ट्रेन में जमकर उत्पात मचाया। रास्ते में कई जगह ट्रेन में चैन पुलिंग कर उसे रोका और ट्रेन में कुछ लोगों के साथ मारपीट भी कर दी। हालात यह निर्मित हो गए कि ट्रेन के शिवपुरी पहुंचने से पहले ही रेलवे स्टेशन को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। उल्लेखनीय है कि गुना में आर्मी की भर्ती चल रही है,जिसमें भिण्ड, मुरैना के हजारों युवा पहुंचे। भर्ती प्रक्रिया के बाद जब यह युवा वापस लौट रहे थे तो पुलिस ने इन्हें रेलवे स्टेशन पर ले जाकर तिरूपति बालाजी के लिए जा रही तीर्थ दर्शन की टे्रन में चढ़ा दिया ताकि यह गुना में ऊधम ने मचाएं।
गुना से शिवपुरी आते समय रास्ते में इन लड़कों ने ट्रेन में खूब धमाल मचाया, कई लोगों के साथ अकारण ही मारपीट भी की। जब इतने से भी मन नहीं भरा तो रास्ते में चैन पुलिंग कर ट्रेन रोक कई खेतों में लहरा रही चने की फसल भी उखाड़ दी। जब इस बात की जानकारी यात्रियों के माध्यम से पुलिस को लगी तो ट्रेन के शिवपुरी पहुंचने से पहले ही रेलवे स्टेशन को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया।
स्टेशन पर पुलिस को देख युवा ट्रेन से कूदकर भागने लगे और ट्रेन के चलते ही फिर से सवार हो गए, जिस पर इन्हें समझाया गया कि यह ट्रेन लौट कर वापस गुना होकर जाएगी तब कहीं जाकर सभी लड़कों ने ट्रेन खाली की। हालांकि पुलिस के पहले से ही अलर्ट हो जाने के कारण लड़के शहर में उत्पात नहीं मचा सके।
शहर में नहीं घुसने दिए उत्पाती
ट्रेन के उतरने के बाद युवक रेलवे स्टेशन से लौट रहे थे तो पुलिस ने इन्हें शहर में प्रवेश नहीं करने दिया, बल्कि बस स्टैंड और बायपास से ही सभी लड़कों को उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया। पुलिस को संदेह था कि यदि इन लड़कों के ग्रुप शहर में घुसेंगे तो यहां भी पूर्व की तरह तोड़-फोड़कर उत्पात मचाएंगे। इस दौरान रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और बायपास पर भी पुलिस तैनात कर दी गई।
ये भी रहा खास
कुछ लड़कों ने बायपास पर ट्रक रोकने का प्रयास किया और ट्रक नहीं रुके तो ये बायपास पर सड़क पर ही बैठ गए और हंगामा करने का प्रयास किया लेकिन पुलिस की अलर्टनेस के चलते ये अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाए।बस वालों ने इन्हें बस में बिठाने से रोकने के लिए बस को लॉक कर दिया और सिर्फ एक गेट से टिकट देखकर सवारियां अंदर बिठाईं।
ऐसा शिवपुरी बस स्टैंड पर पहले कभी नहीं हुआ। बस वालों का कहना था कि यह लड़के बस में बैठने के बाद किराया तक नहीं देते। ग्वालियर बायपास पर इन्होंने ट्रकों के सामने आकर उन्हें रोका और उनमें दर्जनों लड़के एक साथ जबरन सवार हुए। पुलिस ने कुछ घंटों की मशक्कत के बाद इन लड़कों को शहर के बाहर भिजवा कर चैन की सांस ली।
Updated on:
11 Jan 2018, 3:32 PM IST
Published on:
11 Jan 2018, 3:00 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.