
हमीरपुर. दीपावली की खरीददारी करने बाजार गयी छात्रा लौटकर वापस घर नहीं पहुंची। परिजनों ने उसे फोन किया किया तो फोन बंद मिला। देर रात हमीरपुर मार्ग पर धनौरी गांव के पास छात्रा का क्षत-विक्षत शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। परिजनों ने अज्ञात के खिलाफ हत्या कर शव फेकने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी।
राठ कोतवाली क्षेत्र के धनौरा गांव निवासी सालिगराम मिश्रा ने बताया कि उसकी 17 वर्षीय भतीजी रूपा पुत्री राजकिशोर मिश्रा शुक्रवार दोपहर दीपावली की खरीददारी करने कसबे के बाजार गई थी। शाम को उसने बताया कि वह अपनी सहेली के साथ उसके घर पर रुकेगी। इस पर चाचा सालिगराम ने उससे घर आने को कहा। बताया कि कुछ देर बाद फोन पर बात होने पर उसने बताया कि वह गांव के पास पहुंच गई है। जब काफी देर तक घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने फोन किया। जिस पर उसका फोन बंद पाया गया। रात करीब 11 बजे धनौरी गांव स्थित बैंक के सामने हमीरपुर मार्ग पर एक बुरी तरह कुचला हुआ शव मिला।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया। शिनाख्त न होने पर उसे सीएचसी में लाकर रख दिया। शव के पास से मिले पर्स में नगर के एक ब्यूटी पार्लर का कार्ड पाये जाने पर पुलिस ने पार्लर पहुंच कर पूछताछ की। पार्लर में पता चला कि किशोरी पार्लर में आई थी। उसने खुद को धनौरी निवासी बताया था। जानकारी होने पर सुबह पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त पूजा के रूप में की। छात्रा नगर के एक विद्यालय में कक्षा 11 की छात्रा थीं। पिता बाहर रहकर मेहनत मजदूरी करता है। तीन बहनों और एक भाई में बड़ी बहन का विवाह हो चुका है।