
हमीरपुर. हमीरपुर जिले के राठ थाना क्षेत्र के गल्हिया गांव मेंं सात साल के मासूम की हत्या के मामले का राजफाश हो गया। पुलिस ने जब इस हत्याकांड का पर्दाफाश किया तो सबकी आंखें भर आई।
मामला कुछ इस तरह था कि, पशुवाड़़े में एक 7 वर्षीय मासूम का शव मिला। मासूम की मां सर्वेश कुमारी अपने मायके ग्राम गल्हिया में रहती है। मृतक अपने मामा के लड़के के कुंआ पूजन कार्यक्रम में आया हुआ था। मृतक के ननिहालवालों ने उसके पिता पर गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मृतक के पिता एवं एक अज्ञात के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर मामले की छानबीन शुरू कर दी थी। जिस पर पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार सिंह ने क्षेत्राधिकारी राठ व प्रभारी निरीक्षक राठ को मुकदमा विवेचना में साक्ष्य संकलन व पूछताछ कर घटना की सही जानकारी करने के निर्देश दिए थे।
बेटा नाना के घर आ गया :- पुलिस की पूछताछ में मृतक की मां ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने ही अपने पुत्र रोहित उर्फ हिमान्शु की गला दबाकर हत्या कर दी है। उसका अपने बहनोई नरेन्द्र कुमार के साथ अवैध सम्बन्ध था, जिस कारण उसका पति के साथ झगड़ा होता रहता था। इसकी वजह से वह अपने पुत्र को पति के पास छोड़कर लगभग 8-9 माह से अपने मायके गल्हिया में आकर रह रही थी। उसके भाई सतीश कुमार के पुत्र का कुंआ पूजन का कार्यक्रम था, जिसमें उसके कहने पर उसके पति को निमन्त्रण नहीं भेजा था। लेकिन उसका बेटा हिमांशु उर्फ रोहित कुमार अकेला घर पर आ गया था।
आपत्तिजनक स्थिति में देखा :- कुंआ पूजन की शाम को आरोपी सर्वेश कुमारी व उसके बहनोई को उसको बेटे हिमांशु उर्फ रोहित कुमार ने आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। उसने कहाकि, मैं पापा, मामा, नानी से बताऊंगा। तब आरोपी सर्वेश कुमारी ने अपनी बदनामी से बचने के लिये हिमांशु का गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए अभियुक्ता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।