
Mukesh
भादरा. गांव छानी बड़ी से सोमवार को लापता हुए 10 वर्षीय बालक मुकेश पुत्र बलवंत कुम्हार का शव मंगलवार को मलखेड़ा व गांधी बड़ी के मध्य अमरसिंह ब्रांच की मुख्य नहर में मिला। सूचना मिलने पर भिरानी थाना प्रभारी फूलचन्द शर्मा मौके पर पहुंचे तथा शव को भादरा सीएचसी पहुंचाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस संबंध में मृतक के पिता ने भिरानी थाने में मर्ग दर्ज कराई।
पुलिस के अनुसार मुकेश सोमवार सुबह अपने स्कूल बाल भारती जाने के लिए घर से निकला था। वह कक्षा 4 का विद्यार्थी था। स्कूल की छुट्टी के बाद जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। स्कूल प्रबन्धन से संपर्क किया तो पता चला कि वह स्कूल ही नहीं आया। परिजनों व ग्रामीणों ने बालक की आसपास खोज की। मंगलवार को अमरसिंह ब्रांच में बालक का शव तैरते देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। एसएचओ फूलचंद शर्मा ने बताया कि बालक की मौत के कारणों की जांच के लिए बिसरा लिया गया है। जांच रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Published on:
7 Sep 2016, 9:41 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.