
पत्रिका न्यूज़ नेटवर्क
हापुड़ ( hapur news ) गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के तीर्थ नगरी कहे जाने वाले बृजघाट में कथित जहरीली शराब ने कहर मचा दिया है। यहां 36 घंटे में 6 लोगों की मौत हो चुकी है। आशंका है कि जहरीली शराब के सेवन से ही इन सब की मौत हुई है। यह अलग बात है कि प्रशासन की अब तक की जांच में जहरीली शराब पीने से मौत होने की बात सामने नहीं आई है।
जब क्षेत्र में यह चर्चा फैली कि जहरीली शराब पीने से लोगों की मौत हुई है तो जिलाधिकारी ने इस पूरे मामले में जांच बैठा दी। एडीएम के नेतृत्व में इस पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। प्राथमिक पड़ताल में यह पता चला है कि इन लोगों ने सोमवार की रात को एक पार्टी की थी और वहां पर सभी ने संयुक्त रूप से खाया पीया था। इस पार्टी के बाद अलग-अलग लोगों की अपने घरों पर अलग-अलग समय पर हालत बिगड़ने से मौत हुई।
यह भी पढ़ें: बुलंदशहर में हथियारों के बल पर काेल्हू पर लूट
गांव के लोगों का कहना है कि जिन छह लोगों की मौत हुई है वह सभी छह शराब पीने के आदी थे और मरने से पहले इन्होंने अपने परिवार वालों को भी शराब पीने के बाद बताई है। मरने वालों में ब्रज घाट निवासी कैलाश, राकेश, छोटू, सुरेश, शिव शंकर और संजय शामिल हैं। इन सभी की मौत अचानक से हुई है। बारी-बारी से इनकी तबीयत खराब हुई और फिर इनकी मौत हो गई। इस मामले की जांच कर रहे एडीएम जय नाथ यादव ने बताया कि मृतकों के परिजनों से बातचीत की जा रही है उनके बयान लिए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा है कि अभी तक शराब पीने से मौत होने की पुष्टि नहीं हुई है। मरने वालों में दो युवक शराब के आदी बताए जा रहे हैं। परिवार वालों ने मृतकों का कोई पोस्टमार्टम नहीं कराया है और ना ही कोई पुलिस शिकायत की है।
Published on:
19 Nov 2020, 11:01 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.