
samajwadi party
हरदोई. जिले की 13 निकाय सीटों में भाजपा को सिर्फ एक सीट ही मिल सकी। दलगत स्थिति में सबसे अधिक 4 सीटों पर विजय पताका फहराने वाली सपा के लोग मुदित है। सपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद राज्यसभा नरेश अग्रवाल का जादू यहां बरकरार रहा है।नरेश अग्रवाल के ग्रह नगर में भाजपा को फिर शिकस्त का सामना करना पड़ा। मोदी-योगी लहर में भी जीत की पताका फहराने वाले नरेश अग्रवाल ने एक बार फिर निकाय चुनाव में भाजपा को शिकस्त दी है।
नरेश अग्रवाल का अपने ग्रह नगर मेंं पिछले 40 वर्षों से जादू चल रहे हैं। इस जादू के पीछे वो जनता के साथ अपने परिवारिक रिश्तों की मजबूत डोर को बताते है। हर चुनाव में कमोवेश उनके रिश्तों की डोर और अधिक मजबूत होकर सामने आती है। बेहद नजदीकी मुकाबले में सदर नगर पालिका सीट से सपा प्रत्याशी सुख सागर मिश्रा मधुर ने भाजपा के पारूल दीक्षित पर करीब 24 सौ वोटों से जीत हासिल की। इस निकाय चुनाव में नरेश अग्रवाल ने अपने छोटे भाई उमेश अग्रवाल को चुनाव न लड़ाकर मधुर मिश्रा को मैदान में उतारा था।
यहां के मतदाताअों ने नरेश का मधुर को चुनाव लड़ाने के निर्णय एवं रिश्तों की डोर को सही साबित कर दिया। विजय पताका फहराने के बाद पूर्व मंत्री सदर विधायक एवं नरेश अग्रवाल के बेटे नितिन अग्रवाल ने प्रेस कांफ्रेस की। उन्होंने सभी का आभार जताते हुए कहा कि जनता ने साबित किया हमारे परिवार के साथ उनके रिश्तों की डोर लंबी है और सभी हवाओं व अफवाहों को नकार कर रिश्तों की डोर लगातार मजबूत रखने का सिलसिला बनाएं रखा है। इस मौके पर नगर पालिका के नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुख सागर मिश्रा मधुर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल, सहकारी बैंक अध्यक्ष राम प्रकाश शुक्ला आदि मौजूद रहे।
जिले के निकाय चुनाव परिणाम आने के बाद सपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद राज्य सभा नरेश अग्रवाल ने पत्रिका टीम से बातचीत कर कहा कि हरदोई की जनता ने एक बार फिर अपना विश्वास व्यक्त कर यह साबित कर दिया है कि हम लोगों के बीच 40 सालों से चले आ रहे परिवारिक रिश्ते हमेशा मजबूत रहेंगे। नरेश अग्रवाल ने कहा कि यह जीत हमारे और हरदोई के लोगों के बीच विश्वास एवं साथ व विकास कार्यों की जीत है। उन्होंने कहा कि मैंने हमेशा हरदोई के लोगों के सम्मान और हरदोई के विकास के लिए हर स्तर पर हर संभव प्रयास किया है और हमेशा हरदोई के लिए काम करता रहूंगा।
Published on:
02 Dec 2017 10:42 am
बड़ी खबरें
View Allहरदोई
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
