
हरदोई. जिले में सरेआम नगदी लूटकर फरार होने वाले लुटेरों को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एसपी हरदोई आलोक प्रियदर्शी ने लुटेरों को पकड़ने वाली पुलिस टीम को 1000 रुपए का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि हरदोई जिले थाना लोनार इलाके में ग्राम बाबरपुर निवासी जितेंद्र कुमार के अनुसार वे अपने दामाद के साथ मोटरसाइकिल से फर्रुखाबाद गए थे और वहां से देर शाम अपने घर वापस आ रहे थे रास्ते में पाली थाना के इलाके में मरकडा गांव के पास देर शाम करीब पौने आठ बजे दो अज्ञात बाइक सवार लुटेरों ने उन्हें रोककर धमकी देकर हाथापाई करते हुए 50 हजार नगद लूट लिए थे।
इस मामले में पाली थाना पुलिस ने दोनों आरोपी लुटेरों की तलाश में कड़ी मशक्कत करते हुए मुखबिर की सूचना पर घटना के 24 घण्टों के भीतर दोनों को लूटी गई रकम के साथ गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने बताया कि लूट की घटना को अंजाम देने के आरोपी अविनेश और इंद्रेश रूपपुर थाना पाली इलाके के रहने वाले है। पुलिस टीम के इस गुडवर्क के लिए नगद इनाम दिया जाएगा।