हाथरस। जिले के थाना सदर कोतवाली क्षेत्र में सड़क पर खुलेआम गाड़ी पर सवार कुछ युवकों ने फिल्मी स्टाइल में पहले तो एक ट्रक मालिक की जमकर पिटाई की। उसके बाद उसे अपनी गाड़ी में बिठाकर ले जाने का प्रयास करने लगे। लेकिन उसी समय पुलिस को आता देख गाड़ी सवार युवक ट्रक मालिक को वहीं छोड़कर गाड़ी में बैठ कर फरार हो गए।
ट्रक और गाड़ी के चालकों में हुआ था विवाद
बताया जा रहा है कि ट्रक मालिक और गाड़ी चालक में किसी बात को लेकर आपस में झगड़ा हो गया था, उस समय लोगों ने दोनों को समझाकर मामला शांत कर दिया था। कुछ देर बाद गाड़ी चालक कुछ अन्य युवकों को साथ लेकर दूसरी गाड़ी में आया और ट्रक को रोककर ड्राइवर की बीच सड़क पर जमकर पिटाई की। कुछ देर में वहां लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई और भीड़ में से ही किसी शख्स ने पुलिस को मामले की सूचना दे दी।
पुलिस आने के बाद भागे दबंग
कुछ समय बाद मौके पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस को आता देख दबंग युवक भागने का प्रयास करने लगे। इस बीच भीड़ ने उनमें से एक युवक को पकड़ लिया। पहले तो उसकी जमकर पिटाई लगाई, बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। बाकी साथी भागने में कामयाब हो गए। फिलहाल पुलिस ने पकड़े गए युवक को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच कर रही र्है।