
हाथरस। तहसील सासनी के गांव ततारपुर में ग्रामीणों से राशन डीलर द्वारा राशन कार्ड बनवाने के बदले तीन सौ रूपये की अवैध वूसली करने का वीडियो वायरल हुआ है। यहां राशन डीलर के द्वारा ग्रामीणों से राशन में उनका नाम फीड कराने के नाम पर रुपए मांगे जा रहे हैं। इतना ही नहीं डीलर खुलेआम इस मामले में विभाग के भी साथ में शामिल होने की बात कह रहा है। फिलहाल यह वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो के वायरल होने के बाद एसडीएम अंजुम बी ने कोटेदार की दुकान का लाइसेंस निरस्त कर दिया है।
ग्रामीणों के मुताबिक वीडियो राशन डीलर डोरी सिंह की दुकान है। गांव में करीब 105 नए राशन कार्ड बनाए गये हैं। जिन पर राशन डीलर ने प्रति कार्ड 300 रूपये की अवैध वसूली की है। जिन्होंने रूपये नहीं दिए हैं उनको राशन नहीं दिया गया। साथ ही राशन डीलर शिकायत करने पर राशन कार्ड निरस्त कराने की धमकी देता है। आरोप है कि राशन डीलर लोगों के साथ अभद्रता करता है। फ़िलहाल इस मामले एसडीएम ने मामले की जांच भी शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि वीडियो को देखते हुए प्राथमिकता के आधार पर राशन डीलर की दुकान निरस्त कर दी गयी है। मामले की जांच चल रही है। जांच के आधार पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।