
pole
हाथरस। मुरसान में दुलारी चौकी के पास पोल पर काम करते समय एक संविदाकर्मी की करंट से मौत हो गयी। मौत के बाद संविदाकर्मी का शव काफी देर तक पोल पर ही फंसा रह गया। जैसे ही परिजनों को मालूम हुआ तो वह मौके पर आ गये और हंगामा शुरु कर दिया। बिजलीघर पर तोड़फोड़ की। तीन घंटे तक मथुरा कासगंज मार्ग को जाम कर दिया। ग्रामीण बिजली विभाग के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग कर रहे थे। अधिकारियों ने आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम खोला।
यह था मामला
अरविन्द कुमार पुत्र मोरमुकुट शर्मा निवासी बगुली थाना इगलास बिजली विभाग में संविदाकर्मी के रूप में कई सालों से काम कर रहा था। बुधवार की दोपहर को उसने मुरसान बिजलीघर पर तैनात एसएचओ से शट डाउन ले लिया। उसके बाद अरविन्द काम करने के लिए पोल पर चढ़ गया। जैसे ही वह दुलारी चौकी पर फॉल्ट को ठीक करने के लिए पोल पर चढ़ा तो अचानक बिजलीघर से किसी ने लाइन को जोड़ दिया। इससे अरविन्द्र पोल पर ही चिपक रह गया। करंट के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गयी।
साथ में मौजूद कर्मचारी ने किया फोन लेकिन नहीं हुई सुनवाई
अरविन्द के साथ मौजूद एक अन्य कर्मचारी ने बिजलीघर पर लाइन बंद करने के लिए फोन किया लेकिन किसी ने आपूर्ति बंद नहीं की। जैसे ही अरविन्द के परिजनों को मालूम हुआ तो वह गांव के तमाम लोगों के साथ मौके पर आ गये। पोल पर लटके शव को देखते ही ग्रामीण गुस्से में आ गये। उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। कुछ ग्रामीण इकट्ठे होकर बिजलीघर पर पहुंच गये। वहां तोड़फोड़ कर डाली। डर के मारे वहां मौजूद कर्मचारी पहले ही भाग निकले। इसके बाद ग्रामीणों ने मथुरा कासगंज मार्ग पर जाम लगा दिया। तीन घंटे तक ग्रामीणों ने खूब हंगामा किया।
घंटों बिजली के तारो पर झूलता रहा शव
हंगामे के बीच काफी देर तक संविदाकर्मी का शव पोल पर ही लटकता रहा। घंटों बाद एसडीएम सदर अरुण कुमार, सीओ सादाबाद योगेश कुमार के अलावा इंस्पेक्टर चंदपा, कोतवाली सदर, सादाबाद इंस्पेक्टर और हाथरस गेट इंस्पेक्टर अपने फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गये। बाद में बढ़ती भीड़ को देखकर अधिकारियों ने पीएसी को बुला लिया। ग्रामीण मांग कर रहे थे कि बिजली विभाग के दोषियों के खिलाफ मुकदमा लिखा जाए। अधिकारियों ने ग्रामीणों की शर्त को मान लिया। इसके बाद शव को पोल से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मृतक के भाई अतुल शर्मा की तहरीर पर जेई कौशल गुप्ता के अलावा एसएसओ और अन्य कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है। इधर पूर्र्व ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय मौके पर पहुंच गये। पीड़ित परिवार से बातचीत की और एसडीएम से पीड़ित परिवार की आर्थिक मदद के लिए कहा।
Published on:
30 Aug 2018, 11:58 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.