
अस्वस्थ महिला की प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo- freepik)
Thyroid Warning Signs: सुबह उठकर आईने में खुद को देखते समय अगर आपका चेहरा सामान्य से ज्यादा सूजा हुआ नजर आता है, त्वचा लगातार रूखी रहती है या बाल पहले से ज्यादा झड़ रहे हैं, तो इसे सिर्फ मौसम या बढ़ती उम्र का असर समझकर नजरअंदाज न करें। कई बार शरीर में होने वाले ये बदलाव थायरॉइड की समस्या की ओर भी इशारा कर सकते हैं।
थायरॉइड एक छोटी सी ग्रंथि है, जो गर्दन में मौजूद होती है और शरीर के मेटाबॉलिज्म को नियंत्रित करने वाले हार्मोन बनाती है। जब यह ग्रंथि जरूरत से कम या ज्यादा हार्मोन बनाने लगती है, तो इसका असर शरीर के कई हिस्सों पर दिखाई देने लगता है। दिलचस्प बात यह है कि कुछ संकेत सबसे पहले चेहरे, त्वचा और आंखों पर नजर आ सकते हैं।
जर्नल डर्मेटोलॉजिकल क्लिनिक में प्रकाशित एक रिव्यू के अनुसार, थायरॉइड रोगों का असर केवल शरीर के अंदरूनी अंगों तक सीमित नहीं रहता। यह त्वचा, बालों, नाखूनों और चेहरे की बनावट में भी बदलाव ला सकता है। शोधकर्ताओं का कहना है कि कई मरीजों में त्वचा से जुड़े लक्षण बीमारी का शुरुआती संकेत बन सकते हैं।
चेहरे पर हल्की सूजन कभी-कभी नींद की कमी या ज्यादा नमक खाने की वजह से भी हो सकती है। लेकिन अगर यह समस्या बार-बार बनी रहती है, तो इसकी वजह कुछ और भी हो सकती है। रिसर्च गेट के एक अध्ययन में पाया गया कि हाइपोथायरॉइडिज्म से जूझ रहे कई मरीजों में चेहरे पर सूजन, आंखों के आसपास फुलाव और त्वचा का रूखापन आम लक्षण थे। थायरॉइड हार्मोन की कमी होने पर शरीर के ऊतकों में तरल पदार्थ जमा होने लगता है, जिससे चेहरा फूला हुआ दिखाई दे सकता है।
अगर महंगे स्किनकेयर प्रोडक्ट्स इस्तेमाल करने के बावजूद त्वचा बेजान और रूखी बनी रहती है या बाल सामान्य से ज्यादा झड़ रहे हैं, तो इसकी वजह सिर्फ मौसम नहीं हो सकती। रिसर्च बताती है कि थायरॉइड हार्मोन त्वचा और बालों की सामान्य वृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जब इन हार्मोन्स का संतुलन बिगड़ता है, तो त्वचा सूखी हो सकती है और बाल पतले होने लगते हैं। कुछ लोगों में भौंहों के बाहरी हिस्से के बाल भी कम होने लगते हैं।
नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन के अनुसार कुछ थायरॉइड रोग, खासकर Graves' Disease, आंखों को भी प्रभावित कर सकते हैं। आंखों का उभरा हुआ दिखना, पलकों में सूजन, आंखों में जलन या लगातार सूखापन जैसे लक्षण इसके संकेत हो सकते हैं।
अगर चेहरे पर लगातार सूजन बनी रहती है, त्वचा जरूरत से ज्यादा रूखी हो गई है, बाल तेजी से झड़ रहे हैं या इनके साथ थकान, वजन बढ़ना, ठंड ज्यादा लगना या सुस्ती जैसे लक्षण भी महसूस हो रहे हैं, तो डॉक्टर से सलाह लेकर थायरॉइड प्रोफाइल टेस्ट करवाना उचित हो सकता है।
डिस्क्लेमरः इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ऑपिनियन का विकल्प है। लेकिन पाठकों को सलाह दी जाती है कि वह कोई भी दवा, उपचार या नुस्खे को अपनी मर्जी से ना आजमाएं बल्कि इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।
Published on:
09 Jun 2026 04:22 pm
बड़ी खबरें
View Allस्वास्थ्य
ट्रेंडिंग
लाइफस्टाइल
