
बिना सोचे-समझे और बार-बार Ibuprofen (इबुप्रोफेन) को खाना आपकी सेहत पर बहुत भारी पड़ सकता है।- प्रतीकात्मक तस्वीर (Source- Freepik)
Ibuprofen Side Effect Hindi: अक्सर ऐसा होता है कि जैसे ही हमें थोड़ा सा सिरदर्द, बदन दर्द या बुखार महसूस होता है, हम तुरंत डॉक्टर के पास जाने के बजाय घर की दराज या मेडिकल स्टोर से Ibuprofen (इबुप्रोफेन) नाम की दवा लेते हैं और खा लेते हैं। हमें लगता है कि यह तो मामूली सी दर्द निवारक (Painkiller) है, इससे क्या ही होगा? लेकिन एनएचएस (NHS) और मेयो क्लिनिक (Mayo Clinic) के अनुसार, बिना सोचे-समझे और बार-बार इस दवा को खाना आपकी सेहत पर बहुत भारी पड़ सकता है। आइए जानते हैं कि यह दवा हमारे शरीर को क्या नुकसान पहुंचा सकती है।
मेयो क्लिनिक के मुताबिक, अगर आप बहुत ज्यादा या खाली पेट इबुप्रोफेन खाते हैं, तो यह आपके पेट के अंदरूनी हिस्से को नुकसान पहुंचाती है। इससे आपको पेट में जलन या भयंकर एसिडिटी हो सकती है। लगातार उल्टी जैसा मन हो सकता है। लंबे समय तक ऐसा करने से पेट में अल्सर (घाव) हो सकते हैं और अंदरूनी ब्लीडिंग (खून बहना) का खतरा भी बढ़ जाता है।
हमारी किडनी और लिवर शरीर की सफाई करने वाली मशीनें हैं। जब हम बार-बार इबुप्रोफेन जैसी हैवी दवाएं शरीर में डालते हैं, तो इन अंगों पर काम का बोझ बहुत ज्यादा बढ़ जाता है। इसके बहुत ज्यादा इस्तेमाल से किडनी खराब होने का खतरा काफी बढ़ जाता है, खासकर उन लोगों में जो कम पानी पीते हैं या पहले से किसी बीमारी से जूझ रहे हैं।
एनएचएस (NHS) की रिपोर्ट्स बताती हैं कि जो लोग बिना डॉक्टर की सलाह के लंबे समय तक इबुप्रोफेन की भारी डोज़ लेते हैं, उनमें हार्ट अटैक या स्ट्रोक का खतरा दूसरों के मुकाबले बढ़ जाता है। अगर किसी को पहले से हाई ब्लड प्रेशर (BP) की शिकायत है, तो यह दवा उनके बीपी को और बढ़ा सकती है।
कुछ लोगों को इस दवा से तुरंत रिएक्शन हो सकता है। जैसे कि शरीर पर लाल चकत्ते (Rashes) पड़ जाना, खुजली होना, चेहरे या गले पर सूजन आ जाना। जिन लोगों को अस्थमा (Asthma) है, उनके लिए तो यह दवा और भी खतरनाक हो सकती है क्योंकि यह अस्थमा के अटैक को ट्रिगर कर सकती है।
डिस्क्लेमरः इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ऑपिनियन का विकल्प है। लेकिन पाठकों को सलाह दी जाती है कि वह कोई भी दवा, उपचार या नुस्खे को अपनी मर्जी से ना आजमाएं बल्कि इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।
Updated on:
10 Jul 2026 11:06 am
Published on:
10 Jul 2026 11:06 am
