अमरीका, ब्रिटेन, चीन, ऑस्ट्रलिया, जापान, यूरोपीय देशों और भारत भी जिस कोरोना वायरस की वैक्सीन (Corona Vaccine) अब तक तैयार नहीं कर पाया है उसी का टीका सबसे पहले तैयार कर परीक्षण कर रूस ने विरोधी और मित्र दोनों राष्ट्रों को चौंका दिया है। हालांकि रूस की इस तथाकथित कोरोना वैक्सीन (Russian Corona Vaccine) पर विश्व स्वास्थ्य संगठन (World Health Organisation), अमरीका, ब्रिटेन और भारत भी अपनी शंका जाहिर कर चुके हैं। लेकिन ऐसे देशों की भी कमी नहीं जो रूस से कोरोना वैक्सीन की खेप मंगाने के लिए बेकरार हैं। करीब 20 देशों की पुष्टि खुद रूस ने की है जो उससे कोरोना की स्वदेशी वैक्सीन आयात करने के लिए अग्रिम ऑर्डर भी जारी कर चुके हैं। रूसी राष्ट्रपति ने कुछ दिन पहले कहा था कि उनके वैज्ञानिकों ने कोरोना की वैक्सीन बना ली है और यह भी प्रचारित हुआ था कि जिन 38 लोगों पर इसका परीक्षण किया गया है उनमें पुतिन की बेटी भी शामिल है। लेकिन अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि पूर्व पत्नी से पुतिन के जो दो बेटियां माशा और कात्या हैं उनमें से किसे वैक्सीन का डोज दिया गया है।