
इटारसी में कोरोना पाजिटिव मरीजों की संख्या बढ़ी, अब इस शहर के वार्डाे की सीमा भी सील
इटारसी में कोरोना पाजिटिव के कई केस मिलने के बाद इस क्षेत्र को हाॅटस्पाॅट के रुप में देखा जा रहा है। कोरोना की महामारी और न पसरे इसलिए इटारसी के सभी वार्डाें को सील करने के बाद अब पिपरिया में भी लाॅकडाउन की सख्ती करते हुए सभी वार्डाें की सीमा को सील कर दिया गया है। किसी को भी एक जगह से दूसरी जगह जाने पर पूर्ण रोक लगा दिया गया है।
होसंगाबाद के पिपरिया क्षेत्र व इटारसी में कोरोना को लेकर प्रशासन हाई अलर्ट पर है। इटारसी में कोरोना पाजिटिव मरीजों की संख्या बढ़ने के बाद वार्डाें को भी सील कर दिया गया है। इटारसी को देखते हुए पिपरिया शहर में भी हाईअलर्ट है। सेंसेटिव क्षेत्र होने के नाते पिपरिया के भी वार्डाें की सीमा को बुधवार को सील करना प्रारंभ किया गया। अब शहर में आवागमन पर रोक के साथ ही प्रत्येक वार्ड को एक दूसरे से आईसोलेट कर दिया गया है।
तहसीलदार राजेश बोरासी ने बताया कि इटारसी में कोरोना पॉजिटिव केस में इजाफा होने की वजह से शहर में अलर्ट बढ़ाया जा रहा है। सभी वैकल्पिक मार्गो को सील किया जा रहा है। किसी को भी वाहन लेकर जाने की अनुमति नही मिलेगी।
बुधवार को प्रशासनिक अमला एसडीएम मदनसिंह रघुवंशी, एसडीओपी शिवेंदु जोशी, टीआई आदि मोहल्लों की सीमा सील करने की कार्यवाही में जुटा रहा।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि लाॅकडाउन का सख्ती से पालन नहीं होने से कोरोना का चेन टूट नहीं रहा। वार्डाें के बीच सीमा सील हो जाने से कोरोना चेन टूटेगा जिससे जल्द से जल्द महामारी पर काबू पाया जा सकेगा।
By: Shakeel Niyazi
Published on:
9 Apr 2020, 5:23 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.