
Demo pic
होशंगाबाद। जिले के एक सरकारी कार्यालय पर बुधवार को हाईवोल्टेज ड्रामा हुआ। सरकारी आॅफिस में कार्यरत पति के चरित्र पर शक होने पर आक्रोश में आई पत्नी ने ‘पति-परमेश्वर’ की जमकर धुनाई कर दी। पति-पत्नी के बीच यह ड्रामा करीब आधा घंटा तक चलता रहा और अधिकारी-कर्मचारी बेबस सब देखते रहे। काफी मशक्कत के बाद ‘चंड़ी’ बनी पत्नी को समझाया जा सका। हालांकि, पूरा मामला रफादफा होने के बाद आॅफिस के लोग गुपचुप चर्चा तो कर रहे लेकिन इस मामले को सार्वजनिक नहीं होने देना चाह रहे।
होशंगाबाद जिले में जनस्वास्थ्य से जुड़े विभाग के एक बड़े प्रशासनिक अधिकारी का कार्यालय है। यह कार्यालय विभिन्न मसलों पर सुर्खियों में रहा है। बुधवार को यह आॅफिस ऐसी वजह से सुर्खियों में आया जिसकी दबी जुबान चटखारे लेकर लोग चर्चा कर रहे हैं। मामला यह है कि यहां कार्यरत एक व्यक्ति की पत्नी को अपने पति के चरित्र पर शक है। पत्नी को आशंका है कि उसके पति का किसी परस्त्री से मोह है। इस शक पर दोनों के बीच कई बार झगड़ा हो चुका है। घर में तो दोनों के बीच परस्पर इस बात को लेकर बहस होता ही रहा है, कई बार आफिस में भी यह कहासुनी आम हो चुका है।
बुधवार को एक बार फिर दोनों के बीच सरकारी आॅफिस में ही हाईवोल्टेज ड्रामा हुआ। पति के चरित्र पर आरोप लगाते हुए पत्नी सीधे दफ्तर पहुंच गई। वहां कहासुनी के बाद वह पति की धुनाई करने लगी। पति को लात-घूसों से पीट रही पत्नी के इस रुप को देख काफी लोग एकत्र हो गए। करीब आधा घंटा तक यह चलता रहा। इसी बीच कुछ कर्मचारियों ने ही बीच बचाव किया और मामले को शांत कराया।
Published on:
3 Jun 2020, 8:35 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.