28 नवंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Karnataka / Hubli / तत्काल टिकटों पर दलालों का दबदबा, सुरक्षा व्यवस्था भी लाचार!

तत्काल टिकटों पर दलालों का दबदबा, सुरक्षा व्यवस्था भी लाचार!

कतारों में घंटों जूझते आम यात्री टिकट के लिए 1,000 से 2,000 रुपए तक अतिरिक्त वसूली का आरोप भीड़ का फायदा उठा रहे असामाजिक तत्व, आरपीएफ-जीआरपीएफ की नियमित तैनाती तक नहीं
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

हुबली

•

image

Newsdesk

•

Updated: 28 Nov 2026, 3:28 PM IST

तत्काल टिकटों पर दलालों का दबदबा, सुरक्षा व्यवस्था भी लाचार!

हुब्बल्ली। रेलवे की तत्काल टिकट व्यवस्था में आम यात्री दोहरी परेशानी झेल रहे हैं। एक ओर टिकट पाने के लिए आरक्षण केंद्रों पर घंटों कतार में खड़ा रहना पड़ता है, वहीं दूसरी ओर टिकटों की कथित कालाबाजारी और एजेंटों की मनमानी वसूली की शिकायतें सामने आ रही हैं। यात्रियों का आरोप है कि निर्धारित किराए पर तत्काल टिकट मिलना मुश्किल हो गया है और एजेंटों के जरिए टिकट हासिल करने के लिए 1,000 से 2,000 रुपए तक अतिरिक्त देने पड़ रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि जिस आरक्षण केंद्र पर रोजाना भारी भीड़ उमड़ती है, वहां सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए आरपीएफ और जीआरपीएफ के जवानों की नियमित तैनाती तक नहीं है।

इस अव्यवस्था की गंभीरता रेलवे के अपने अधिकारी के पत्र से भी सामने आती है। दक्षिण पश्चिम रेलवे के हुब्बल्ली आरक्षण कार्यालय के मुख्य आरक्षण पर्यवेक्षक ए. प्रभाकर ने 21 सितंबर 2026 को वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक को पत्र लिखकर आरक्षण केंद्र पर आरपीएफ-जीआरपीएफ जवानों की नियमित तैनाती की मांग की है। उन्होंने पत्र में बताया है कि अग्रिम आरक्षण के पहले दिन, तत्काल टिकट बुकिंग और अन्य व्यस्त समय में यात्रियों की भारी भीड़ के कारण व्यवस्था संभालना मुश्किल हो जाता है।

सुरक्षा बलों की कमी का फायदा उठा रहे असामाजिक तत्व

मुख्य आरक्षण पर्यवेक्षक ने पत्र में स्पष्ट किया है कि पर्याप्त सुरक्षा कर्मियों की अनुपस्थिति में असामाजिक तत्व स्थिति का अनुचित लाभ उठा रहे हैं। इससे अव्यवस्था, विवाद और अप्रिय घटनाओं की आशंका बनी रहती है। बुकिंग कर्मचारियों को भी सुरक्षित और सुचारु ढंग से काम करने में परेशानी होती है। बार-बार अनुरोध के बावजूद नियमित तैनाती सुनिश्चित नहीं होने पर उन्होंने तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

एक टिकट के लिए 1,000 से 2,000 रुपए अतिरिक्त

दक्षिण पश्चिम रेलवे (दपरे) जेडआरयूसीसी के सदस्य महेंद्र सिंघी ने तत्काल टिकटों की कथित कालाबाजारी पर चिंता जताते हुए कहा कि तत्काल टिकट एजेंटों का बड़ा गिरोह सक्रिय है। यात्रियों को एक टिकट के लिए 1,000 से 2,000 रुपए अतिरिक्त देने की स्थिति बन गई है। उन्होंने आरक्षण केंद्रों पर निगरानी बढ़ाने और एजेंटों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने की मांग की। इस मुद्दे को आगामी रेलवे बैठक में उठाने की बात भी कही।

टिकट बुकिंग व्यवस्था को डिजिटल बनाया

यात्रियों की संख्या बढ़ रही है, इसलिए तत्काल टिकट भी नहीं मिल पा रहे हैं। आइआरसीटीसी की नई वेबसाइट शुरू होने से एजेंटों की मनमानी काफी हद तक कम हुई है। टिकट बुकिंग व्यवस्था को डिजिटल बनाया गया है।

-डॉ. मंजुनाथ कनमड़ी, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ), दक्षिण पश्चिम रेलवे

रेल यात्री गुरुनाथ बी. ने भी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि अधिकृत दर पर तत्काल टिकट मिलना मुश्किल हो गया है। एजेंट अधिक कीमत लेकर टिकट दिलाते हैं। बुकिंग शुरू होते ही टिकट उपलब्ध नहीं रहते। ऑनलाइन बुकिंग में भी यात्रियों को परेशानी होती है। रेलवे को तत्काल टिकट व्यवस्था की निगरानी करनी चाहिए।

तत्काल टिकटों की सीमित उपलब्धता, एजेंटों की कथित मनमानी और आरक्षण केंद्र पर सुरक्षा बलों की कमी—तीनों का खामियाजा आम यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। जब रेलवे का अपना अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था के लिए लिखित रूप से गुहार लगा रहा है, तो सवाल उठता है कि यात्रियों को दलालों की कथित मनमानी और अव्यवस्था से राहत दिलाने के लिए रेलवे प्रशासन कब ठोस कदम उठाएगा?