
bjp leader
(हैदराबाद): सोमवार को नामांकन दाखिल करने के पहले दिन गोशामहल से भाजपा के फायरब्रांड विधायक राजा सिंह ने अपना नामांकन दाखिल किया। भाजपा तेलंगाना अध्यक्ष के.लक्ष्मण ने मुशीराबाद के गणेश मंदिर में प्रार्थना करने के बाद मंदिर से मंडल रेवेन्यू ऑफिस तक एक रैली निकाली और मुशीराबाद से अपना नामांकन किया। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने 'भविष्य के मुख्यमंत्री लक्ष्मण' के नारे लगाए। कार्यवाहक मुख्यमंत्री केसीआर 14 नवंबर को अपना पर्चा दाखिल कर सकते हैं, जबकि महाकूटमि (महागठबंधन) के घटकपक्षों के उम्मीदवारों को अंतिम स्वरूप दिया जाना अभी बाकी है। कल गठबंधन अपनी तस्वीर साफ कर सकता है।
चुनाव आयोग ने सोमवार को तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए औपचारिक अधिसूचना जारी की। अधिसूचना के अनुसार, 12 नवंबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। नामांकन की अंतिम तिथि 19 नवंबर है। 20 नवंबर को कागजात की जांच की जाएगी। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 22 नवंबर तय की गई है। मतदान 7 दिसंबर को होगा और मतों की गिनती 11 दिसंबर को होगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के मुताबिक तेलंगाना राज्य में 32,574 से अधिक मतदान केंद्र हैं और मतदाताओं की संख्या के आधार पर कुछ और स्थापित किए जा सकते हैं।
गौरतलब है कि 11 सितंबर को कार्यवाहक मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव की सिफारिश पर तेलंगाना की 119 सदस्यीय असेंबली को निर्धारित समय से 8 महीने पहले भंग कर दिया गया था। चुनाव आयोग ने गत शुक्रवार को तेलंगाना समेत 5 मतदान वाले राज्यों में 12 नवंबर से एग्जिट पोल पर 1 महीने तक प्रतिबन्ध लगाया है।
सीएम यहां से भर सकते है नामांकन
उधर, टीआरएस के सुप्रीमो कहलाने वाले कार्यवाहक मुख्यमंत्री के.चंद्रशेकर राव ने रविवार को अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के साथ अधिवेशन करने के बाद उन्हें बी-फॉर्म सौंपा। उम्मीद है कि जल्द ही केसीआर 14 नवंबर को मेदक जिले के गजवेल क्षेत्र से अपना नामांकन दाखिल करेंगे। टीआरएस के सांसद और कार्यवाहक मुख्यमंत्री की बेटी कविता ने ट्वीट किया कि "माननीय केसीआर गारू ने मेरे निर्वाचन क्षेत्र के सभी एमएलए को बी-फॉर्म दे दिया है। हम अपने सभी एमएलए की सफलता के लिए तेलंगाना के लोगों का आशीर्वाद चाहते हैं।"
महागठबंधन ने जारी नहीं की सूची
टीआरएस ने 107 सीटों पर पहले ही अपने उम्मीदवारों उतार दिए थे, जिसमें से 105 सीटों के उम्मीदवारों के नाम तेलंगाना विधानसभा भंग होने के कुछ ही मिनटों बाद एक साथ घोषित किए गए थे। केसीआर के एक साथ 105 सीटों पर उम्मीदवार उतारने की राजनीति से सभी विपक्षी दल अवाक रह गए थे। मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन.चंद्रबाबू नायडू की अध्यक्षता वाली तेलुगु देसम पार्टी (टीडीपी), सेवानिवृत्त उस्मानिया विश्वविद्यालय के पोलिटिकल साइंस के प्रोफेसर कोदंडराम की अध्यक्षता वाली तेलंगाना जन समिति (तीजेएस) और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) के साथ चुनावी समझौता किया था। हालांकि इस 'ग्रैंड एलायंस' ने अभी तक उम्मीदवारों की सूची की घोषणा नहीं की है, जबकि भाजपा ने अब तक दो चरणों में 66 उम्मीदवारों की घोषणा की है।
Updated on:
12 Nov 2018, 9:17 PM IST
Published on:
12 Nov 2018, 8:01 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.