
ragi dosa
डोसा वैसे भी बच्चों और बड़ों सबको पसंद आता है। यह बहुत ही हैल्दी और लाइट व्यंजन है। आप चाहें तो कैल्शियम और आयरन से भरपूर रागी का भी डोसा बना सकते हैं। यह बनाने में आसान है और बच्चों के शरीर में कैल्शियम और आयरन की भी पूर्ति करता है। यहां पढ़ें रागी डोसा की रेसिपी -
सामग्री -
रागी का आटा - ½ कप
गेहूं का आटा - 1/4 कप
बेसन - 1/4 कप
तेल/ घी - 2 से 3 टेबल स्पून
दही - ½ कप
हरा धनिया - 2 से 3 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
हरी मिर्च - 1 (बारीक कटी हुई)
अदरक - 1 इंच टुकड़ा (कद्दूकस किया हुआ) या ½ छोटी चम्मच पेस्ट
नमक - ½ छोटी चम्मच से ज्यादा या स्वादानुसार
विधि -
डोसा बैटर तैयार कीजिए
किसी बड़े प्याले में रागी का आटा, गेहूं का आटा और बेसन डाल लीजिए। इसमें दही डालकर आटे को मिला लीजिए। फिर, थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर गुठलियां समाप्त होने तक घोल लीजिए। इसके बाद, इसमें मसाले मिला लीजिए। नमक, अदरक, हरी मिर्च और थोड़ा सा हरा धनिया डालकर सही से मिला लीजिए। फिर, इसमें थोड़ा सा पानी डालकर बैटर को पतला कर लीजिए। बैटर बनकर तैयार है। बैटर चम्मच से गिराने वाली कन्सिस्टेन्सी का होना चाहिए। इस कन्सिस्टेन्सी का बैटर बनाने में ½ कप पानी और ½ कप दही का इस्तेमाल किया है। बैटर को 20 मिनिट ढककर रख दीजिए जिससे ये फूलकर तैयार हो जाए।
डोसा सेकिए
20 मिनिट बाद बैटर के फूल जाने पर इसे एक बार और अच्छे से फैंट लीजिए। साथ ही गैस पर नॉन स्टिक पैन गरम होने रख दीजिए। पैन में तेल डाल दीजिए और नैपकिन पेपर या किसी कपड़े से तेल को पैन में चारों ओर फैला लीजिए। पैन गरम होने के बाद, गैस को कम कर दीजिए और हल्का सा ठंडा होने दीजिए। मध्यम गरम पैन में २ टेबल स्पून बैटर डाल दीजिए और चमचे से गोल-गोल घुमाते हुए डोसा को पतला फैला दीजिए। फिर, गैस तेज कर लीजिए। थोड़ा सा तेल डोसा के चारों ओर तथा ऊपर डाल दीजिए और डोसा को निचली सतह से गोल्डन ब्राउन होने तक सिकने दीजिए। इसके बाद, डोसा को पलट दीजिए और दूसरी तरफ भी ब्राउन चित्ती आने तक सेक लीजिए।
दूसरी साइड भी ब्राउन चित्ती आने के साथ ही डोसा सिककर तैयार हो गया है। डोसा को एक प्लेट में निकाल लीजिए। गैस कम कर दीजिए और सारे डोसा इसी प्रकार बनाकर तैयार कर लीजिए।
रागी डोसा बनकर तैयार हैं। इन्हें रागी चीला भी कहा जा सकता है। स्वास्थ्यवर्धक तथा उत्तम ज़ायके के रागी डोसा को आप हरे धनिये की चटनी, दही, टमैटो केचअप, चिल्ली सॉस या नारियल की चटनी के साथ सर्व कीजिए और स्वाद के साथ-साथ सेहत भी बढ़ाइए। इन डोसा को आप बच्चों के लंचबॉक्स में टमैटो सॉस, जैम या मीठे अचार के साथ भी पैक कर सकते हैं।
अगर आप भी खाना बनाने के शौकीन हैं और कुछ ऐसी डिशेज बनाते हैं जिन पर आपको हर बार तारीफें मिलती हैं तो अब हम आपको अपनी इस कला के प्रदर्शन के लिए प्लैटफॉर्म देने जा रहे हैं। आप अपनी खास रेसिपीज पत्रिका डॉट कॉम के साथ शेयर कर सकते हैं। कंमेंट बॉक्स में अपनी रेसिपी हमें लिख भेजें। आप अपनी रेसिपी का वीडियो भी हमारे साथ शेयर कर सकते हैं। चुनिंदा रेसिपीज को पत्रिका डॉट कॉम पर फीचर भी किया जाएगा। तो देर किस बात की, लिख भेजिए हमें अपनी स्पेशल रेसिपी।
Published on:
16 Jun 2018, 4:34 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.