डॉ. आंबेडकर नगर(महू). हाई स्कूल स्टेडियम में फुटबॉल के ट्रायल में रविवार सुबह इंदौर सहित शहर से २७ बालिकाएं पहुंचीं। जिन्होंने मैदान पर फुटबॉल के हुनर दिखाए। जिन्हें भविष्य में फुटबॉल प्रशिक्षण की डे-बोर्डिंग स्कीम में शामिल कर ट्रेनिंग दी जाएगी।
यहां फुटबॉल के ट्रायल के लिए आई बालिकाओं से जब चर्चा की तो उन्होंने बताया, हम में फुटबॉल के प्रति जुनून है और इस खेल में अलग मुकाम बनाने की तमन्ना है। यहां अंडर १४, १७ व १९ का बालिकाओं ने ट्रॉयल दिए, जिन्हें कोच द्वारा फुटबॉल के गुर सिखाए। इंदौर से ६ बालिकाएं यहां आईं। खेल अधिकारी जोसेफ बाकला ने बताया, दो अगस्त को खेल एवं युवक कल्याण विभाग के डायरेक्टर ने यहां निरीक्षण किया था। उनकी मंशा थी कि यहां बालकों के साथ बालिकाओं को भी फुटबॉल का प्रशिक्षण दिया जाए। जिसके लिए ट्रायल रखे गए। जो आगे भी जारी रहेंगे। इसके बाद भोपाल में डे-बोर्डिंग योजना में बालिकाओं को भी शामिल करने का प्रपोजल भेजा जाएगा। स्वीकृति मिलने के बाद अलग-अलग आयु वर्ग में करीब ४० बालिकाओं को भी डे-बोर्डिंग योजना में शामिल किया जाएगा। खास बात है कि दो साल पहले यहां फुटबॉल प्रशिक्षण की डे-बोर्डिंग योजना के तहत सिर्फ चुने हुए बालकों को ही प्रशिक्षण दिया जा रहा है।