
पैसों की तंगी से जूझ रही ‘आप’, चुनाव के लिए अब किया ये बड़ा फैसला
इंदौर. आम आदमी पार्टी प्रदेश में बदलाव के लिए जोर-शोर से मैदान तो पकड़ रही है, पर न इसके प्रत्याशियों के पास चुनाव लडऩे का पैसा है और न पार्टी के पास। बदलाव के संदेश के साथ घर-घर दस्तक देने के अभियान के बाद भी पार्टी चुनाव में पैसे का महत्व जानती और समझती है, इसलिए चंदा इकट्ठा किया जा रहा है, वह लीगल तरीके से। हर प्रत्याशी के लिए डोनेशन मांगा जा रहा है।
‘आप’ ने प्रत्याशियों की घोषणा करना शुरू कर दिया और भोपाल में शुक्रवार को वीडियो कैंपने की लांचिंग के साथ प्रत्याशियों ने दोनों प्रमुख पार्टियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया, पर प्रचार-प्रसार और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने के लिए पार्टी ने जनता के सामने हाथ फैलाया है। ‘आप’ के पोर्टल पर सभी प्रत्याशियों की लिस्ट है और हर प्रत्याशी के नाम के आगे डोनेशन का विकल्प भी। यानी कोई भी पार्टी की नीतियों और राजनीतिक विचारधारा से सहमत है तो उनके प्रत्याशियों के चुनावी खर्च में मदद कर सकता है। ये मदद पोर्टल पर जाकर जिस प्रत्याशी के नाम के आगे डोनेशन का बटन दबाया जाएगा, उसी प्रत्याशी के नाम से ‘आप’ के अकाउंट में जाएगी। पार्टी ने पारदर्शिता यही रखने की कोशिश की है कि डोनेशन बैंक खाते में ट्रांसफर के जरिए ही लिया जा रहा है।
वालेंटियर भी चाहिए
चंदे के अलावा पार्टी वालेंटियर की भर्ती कर रही है। ऐसे लोगों को तलाश रही है जो किसी न किसी रूप में चुनाव के दौरान मदद कर सकें। इसके लिए कोई मेहनताना नहीं दिया जाएगा, ये समाजसेवा की तरह काम करेंगे। इसमें मोहल्ले-कॉलोनी में काम करने, कॉलिंग कैंपेन जॉइन करने, पार्टी गतिविधियों में शामिल होने, आईटी सपोर्ट, डिजिटल एक्टिविस्ट, फोटो या वीडियो वालेंटियर बनने, वालेंटियर्स के आवास व्यवस्था, कंटेंट राइटिंग और पॉलिसी व रिसर्च में सहयोग के लिए मदद मांगी है। ये लोग अपने क्षेत्र या विधानसभा के हिसाब से काम कर सकते हैं।
इंदौर में बची हैं दो विधानसभा
इंदौर जिले की नौ में से सात विधानसभा के लिए ‘आप’ ने टिकट तय कर दिए हैं। दो बची हैं, जिनके लिए अब तक उपयुक्त प्रत्याशी नहीं मिला है। जिन विधानसभाओं में टिकट घोषित किए गए हैं, उनमें शहर की पांचों विधानसभा हैं। राऊ और देपालपुर से भी प्रत्याशी तय हो गए। महू और सांवेर विधानसभा बची है।
ये हैं आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी
विधानसभा 1 : सतीश कुमार मलिक, विधानसभा प्रभारी।
विधानसभा 2 : सतीश शर्मा, विधानसभा सह-प्रभारी व कोषाध्यक्ष।
विधानसभा 3 : मो. मकसूद चौहान, विधानसभा सह-प्रभारी।
विधानसभा 4 : राजेंद्र जायसवाल, भाजपा से पूर्व पार्षद व लेखा समिति अध्यक्ष।
विधानसभा 5 : शैली राणावत, प्रदेश उपाध्यक्ष महिला शक्ति व इंदौर जोन प्रभारी।
विधानसभा राऊ : विजय जाट, स्वतंत्र किसान युवा संगठन प्रमुख।
विधानसभा देपालपुर : बहादुर मंडलोई, विधानसभा प्रभारी।
Updated on:
01 Oct 2018 04:42 pm
Published on:
01 Oct 2018 04:41 pm
बड़ी खबरें
View Allइंदौर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
