24 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Madhya Pradesh / Indore / 45 साल बाद फिर मिला दोस्ती का कारवां, यादों के साथ बांटा स्वस्थ उम्र का मंत्र

45 साल बाद फिर मिला दोस्ती का कारवां, यादों के साथ बांटा स्वस्थ उम्र का मंत्र

इंदौर

•

image

Newsdesk

•

Updated: 24 Nov 2026, 7:01 AM IST

इंदौर. समय की रफ्तार भले ही चार दशक से अधिक का सफर तय कर गई हो, लेकिन स‘ची दोस्ती के रिश्तों पर उम्र की धूल कभी नहीं जमती। कभी साथ बैठकर भविष्य के सपने देखने वाले इंजीनियरिंग के सहपाठी जब 45 साल बाद फिर एक-दूसरे के सामने आए तो चेहरों पर उम्र की लकीरों से ’यादा पुरानी यादों की चमक दिखाई दी। किसी ने कॉलेज के दिनों के किस्से सुनाए तो किसी ने जीवन के संघर्षों और उपलब्धियों को साझा किया। इस मिलन ने न केवल पुरानी दोस्ती को नई ऊर्जा दी, बल्कि समाज को स्वस्थ और खुशहाल जीवन जीने का एक महत्वपूर्ण संदेश भी दिया।
अकेलेपन से बचाव के लिए नियमित मेल-मिलाप का लिया संकल्प
समारोह में राधाकृष्ण भटोरे और राजकुमार जैन ने बताया कि कॉलेज के पूर्व छात्रों के समूह 'सेणुद सखा' का आत्मीय पुनर्मिलन न्यू पलासिया स्थित एक रेस्तरां में आयोजित हुआ। इंजीनियरिंग, प्रशासन, उद्योग और विदेशी सेवाओं में चार दशक से अधिक समय तक अपनी सेवाएं देने के बाद इंदौर में बसे इन वरिष्ठ साथियों ने एक बार फिर दोस्ती के उन रिश्तों को जीवंत किया, जिनकी नींव विद्यार्थी जीवन में पड़ी थी। इस दौरान हंसी-मजाक, पुराने संस्मरणों और जीवन के अनुभवों के बीच स्वस्थ उम्र बढ़ाने यानी हेल्दी एजिंग पर भी सार्थक चर्चा हुई।
समाजिक दूरी और संवाद मानसिक स्वास्थ्य को कर रही प्रभावित
समूह के संयोजक महेंद्र मांडलिक ने कहा कि आज डिजिटल दुनिया में लोग सोशल मीडिया के माध्यम से हजारों लोगों से जुड़े होने का दावा करते हैं, लेकिन वास्तविक जीवन में संवाद और आत्मीयता लगातार कम होती जा रही है। मोबाइल स्क्रीन पर बिताया जाने वाला समय वास्तविक रिश्तों की जगह नहीं ले सकता। पुराने मित्रों के साथ बैठना, बातचीत करना और एक-दूसरे की बातें सुनना मानसिक सुकून देने के साथ जीवन में सकारात्मकता भी बढ़ाता है। वहीं, कैंसर को मात देकर जीवन में नई ऊर्जा के साथ लौटे विक्रम सिंह चौहान ने बढ़ती उम्र में अकेलेपन की चुनौती पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि उम्र बढऩे के साथ सामाजिक दूरी और संवाद की कमी मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकती है। अल्जाइमर, डिमेंशिया, पार्किंसन, एंग्जायटी, अनिद्रा और अवसाद जैसी समस्याओं के प्रति जागरूक रहना जरूरी है। परिवार और मित्रों के साथ नियमित संवाद, सक्रिय सामाजिक जीवन और सकारात्मक सोच स्वस्थ जीवनशैली के महत्वपूर्ण आधार हैं।
दोस्ती को बनाएंगे जीवन का हिस्सा
सदस्य शैलेंद्र जैन और विष्णु पाटीदार ने बताया कि सबसे महत्वपूर्ण निष्कर्ष यह रहा कि सभी साथियों ने केवल यादों में जीने के बजाय दोस्ती को जीवन का नियमित हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। उन्होंने तय किया कि अब एक-दूसरे से मिलने के लिए वर्षों का इंतजार नहीं करेंगे, बल्कि नियमित बैठकें आयोजित कर सुख-दुख साझा करेंगे। उम्र के इस पड़ाव पर उनका यह प्रयास नई पीढ़ी को भी प्रेरित करता है कि व्यस्तता और तकनीक के बीच रिश्तों के लिए समय निकालना कितना जरूरी है। आखिरकार, स्वस्थ उम्र का अर्थ केवल लंबी जिंदगी नहीं, बल्कि अपनों के साथ हंसते-बोलते और खुशियां बांटते हुए जिंदगी जीना भी है।