
मंदिर से दर्शन कर घर लौट रहे भाजपा नेता की सडक़ हादसे में मौत
इंदौर. मंदिर से दर्शन कर दोपहिया वाहन पर घर लौट रहे भाजपा विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 2 के मंडल मंत्री को देर रात एबी रोड पर तेज रफ्तार कार ने पीछे से टक्कर मार दी। गंभीर घायल हालत में उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
विजय नगर पुलिस के मुताबिक, भाजप नेता वीरेंद्र (47) पिता विजयबहादुर रघुवंशी निवासी मालवीय नगर के परिचित अजयसिंह ने बताया, रघुवंशी हर शुक्रवार बिजासन मंदिर दर्शन करने जाते थे। बीती रात साथी विकास व अन्य के साथ दर्शन कर लौटते वक्त एबी रोड स्थित रसोमा चौराहे के समीप विजय नगर की ओर जा रही तेज रफ्तार काले रंग की कार ने उनकी एक्टिवा को पीछे से टक्कर मार दी। इससे रघुवंशी गंभीर घायल हो गए। पीछे बैठे विकास को भी चोट लगी। हादसे के बाद चालक कार लेकर भागा तो रघुवंशी के साथ अन्य दोपहिया वाहन से चल रहे साथियों ने उसका पीछा किया, मगर वह भाग निकला। रघुवंशी व विकास को पास ही स्थित निजी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। रात करीब तीन बजे उपचार के दौरान डॉक्टर ने रघुवंशी को मृत घोषित कर दिया। उनके बड़े भाई राजेंद्र पुलिसकर्मी हैं। परिवार में मां, पत्नी और 12 साल की बेटी है।
Published on:
25 Aug 2019 04:35 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
