
car swept away river flood water heavy rain, पानी के तेज बहाव में रपटे से बही कार (source-patrika)
Indore Car swept away in river: मध्यप्रदेश के इंदौर जिले के डॉ. आंबेडकर नगर (महू) क्षेत्र में बुधवार को हुई तेज बारिश के बाद नदी-नाले उफान पर आ गए। कई रपटों और पुलियाओं पर तेज बहाव के बीच पानी बहने लगा। इसी दौरान महू के अंबाचंदन गांव में एक कार चालक की लापरवाही भी सामने आई। यहां कार चालक ने लापरवाही दिखाते हुए जलमग्न रपटे को पार करने की कोशिश की, लेकिन यह लापरवाही उस पर भारी पड़ गई। पानी के तेज बहाव में आते ही ड्राइवर संतुलन खो बैठा और कार नदी में बह गई। राहत की बात यह रही कि कार में केवल चालक सवार था, जिसे ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बाद में ट्रैक्टर की मदद से मशक्कत के बाद कार को भी नदी से बाहर निकाल लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लगातार बारिश के कारण रपटे पर तेज गति से पानी बह रहा था। जब कार चालक ने कार निकालने की कोशिश की तो मौके पर मौजूद लोगों ने उससे रपटे पर से कार निकालने से मना किया, लेकिन उसने किसी की नहीं सुनी। कार ड्राइवर ने लापरवाही से कार रपटे पर उतार दी, जैसे ही कार रपटे के बीच में पहुंची तो पानी के तेज बहाव के कारण ड्राइवर कार पर से संतुलन खो बैठा और कार बहने लगी। कार को बहता देख अफरा-तफरी मच गई और लोग चिल्लाने लगे।
कार को बहता देख ग्रामीणों ने बिना देर किए राहत कार्य शुरू किया और किसी तरह कार के ड्राइवर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद ट्रैक्टर की सहायता से नदी में फंसी कार को रस्सियों के सहारे बाहर निकाला गया। इस तरह से स्थानीय लोगों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया, वरना कार ड्राइवर की जान जा सकती थी।
बारिश के मौसम में नदी-नालों के उफान पर आने से पानी पुल के ऊपर से बहने लगता है, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग अपनी जान की परवाह किए बगैर पुल पार करने की कोशिश करते हैं जिसके कारण कई बार घटनाएं हो चुकी हैं। बुधवार को भी कार चालक ने ऐसी ही लापरवाही की। बता दें कि पिछले वर्ष भी कालाकुंड-रतबी क्षेत्र में पुलिया पर पानी होने के बावजूद वाहन निकालने के प्रयास में एक वाहन बह गया था। इसके बावजूद लोग जान जोखिम में डालकर जलमग्न रपटों को पार करने का प्रयास करते हैं, जिससे हर मानसून में हादसों की आशंका बनी रहती है।
Published on:
01 Jul 2026 10:17 pm
बड़ी खबरें
View Allइंदौर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
