पत्रिका
इंदौर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 23 जून की शाम नेहरू स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में करीब डेढ़ घंटे रहेंगे। उनकी यात्रा को देखते हुए बीआरटीएस पर उस दिन करीब 3 घंटे ट्रैफिक बंद करने की तैयारी है। पुलिस डायवर्शन प्लान बना रही है।
अभी तक के तय कार्यक्रम के मुताबिक, सुबह एयरपोर्ट पर आकर प्रधानमंत्री हेलीकाप्टर से सीधे राजगढ़ चले जाएंगे। दोपहर 3.30 बजे से 4 बजे के बीच वे वापस एयरपोर्ट पर आएंगे। पहले तय किया जा रहा था कि प्रधानमंत्री का हेलीकाप्टर पीटीसी में उतारा जाए और वहां से सड़क मार्ग द्वारा नेहरू स्टेडियम पहुंचे। अब नया प्लान बना है, जिसके तहत वापसी में प्रधानमंत्री एयरपोर्ट पर ही उतरेंगे और फिर वहां से सड़क मार्ग द्वारा उन्हें नेहरू स्टेडियम लाया जा सकता है। प्रधानमंत्री की यात्रा
के करीब 10 मिनट पहले वीआईपी रोड का ट्रैफिक भी रोका जा सकता है।
बीआरटीएस पर करीब तीन घंटे ट्रैफिक पर प्रतिबंध की तैयारी है। इस दौरान वाहनों का डायवर्शन लागू होगा, वाहन दूसरे रास्ते से आगे जा सकेंगे। डीआईजी हरिनारायणाचारी मिश्र के मुताबिक, ट्रैफिक को लेकर जल्द ही प्लान को अंतिम रूप दिया जाएगा । सुरक्षा को देखते हुए अभी से पुलिस फोर्स ने स्टेडियम के आसपास के इलाके में सर्चिंग शुरू कर दी है। जल्द ही एसपीजी के अफसर इंदौर आकर पूरी व्यवस्था की कमान अपने हाथ में लेंगे।