
मेट्रीमोनियल साइट पर चल रहा है गंदा खेल, साथी ढूंढ रहे हैं तो हो जाएं सतर्क
इंदौर. अगर आप मेट्रोमोनियल साइट के जरिए अपने जीवन के साथी को तलाशने के लिए आईडी बनाने जा रहे हैं या पहले से ही आपकी आईडी इस साइट पर है तो जरा ठहर जाइये। क्योंकि, ये खबर आपके काम आ सकती है। आपको बता दें कि, मध्य प्रदेश की इंदौर क्राइम ब्रांच ने मेट्रीमोनियल साइट के जरिए सेक्सटॉर्शन के नाम पर ब्लैकमेलिंग का भांडापोड़ करते हुए राजस्थान के भरतपुर शहर से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, अबतक की पड़ताल में सामने आया है कि, पकड़े गए चारों आरोपी बीते 6 माह के भीतर 1 हजार से अधिक लोगों से सेक्सटॉर्शन का शिकार बनाकर रुपए ऐंठ चुके हैं। पूछताछ में पता चला है कि, आरोपी जीवनसाथ नामक मेट्रोमोनियल साइट पर महिला के नाम से फर्जी आईडी बनाकर लोगों को सेक्सटॉर्शन का शिकार बनाकर ब्लैकमेल कर रहे थे।
आपको बता दें कि, बीते दिनों मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के राजन नगर थाना इलाके में एक बुजुर्ग ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस पड़ताल में बुजुर्ग के मोबाइल से कुछ चैट सामने आए, जिसमें कुछ लोगों द्वारा लगातार बुजुर्ग को न्यूड वीडियो कॉल के बाद उससे संबंधित फोटो भेजकर ब्लैकमेल किया जा रहा था। बुजुर्ग को इस कदर प्रताड़ित किया गया कि, उसने जीवन से हार मानकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर लेना ही सही समजा।
6 माह में 1 हजार लोगों को बनाया शिकार
पुलिस ने इस सुसाइड केस को गंभीरता से लेते हुए मोबाइल डाटा के आधार पर भरतपुर राजस्थान से रईस उर्फ कमली, जिशान उर्फ बिल्ला, यासिब पिता अहमद, हारून पिता संपत को गिरफ्तार किया है। वहीं, पूछताछ में सामने आया कि, आरोपी अबतक 1000 से ज्यादा लोगों सेक्सटॉर्शन के नाम पर अपना शिकार बना चुके हैं।
इस तरह लोगों को बनाते थे शिकार
आरोपी मेट्रीमोनियल साइट पर महिला की फर्जी प्रोफाइल लगाकर लोगों से चैट शुरु करते थे। इसके बाद वीडियो कॉलिंग कर दोस्ती और उसके बाद अचानक न्यूड वीडियो कॉलिंग कर उसके फुटेज के नाम पर उन्हें बदनाम करने की धमकी देते हुए ब्लैकमेल करते थे। ब्लैक मेलिंग के बाद पैसा अकाउंट में ट्रांसफर कर नंबर बंद कर दिया जाता था, ताकि बाद में कोई उनतक न पहुंच सके। सभी आरोपी फेसबुक इंस्टाग्राम आईडी पर लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भी भेजी जाती थी, रिक्वेस्ट एक्सेप्ट करते ही ब्लैकमेलिंग का गंदा खेल शुरू होता था। फिलहाल, इंदौर पुलिस आरोपियों से पूछताछ में जुटी है। पुलिस का मानना है कि, आगे और भी कई चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं।
यहां 151 बुजुर्ग जोड़ों ने लिए 7 फेरे, झूमकर नाचे नाती - पोते, वीडियो वायरल
Updated on:
3 Nov 2022, 7:21 PM IST
Published on:
3 Nov 2022, 7:21 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.