
पहले जाना था उज्जैन पहुंचे ओंकारेश्वर, एक्सीडेंट में तीन की होगई मौत
इंदौर/बड़वाह. बड़वाह में इंदौर-इच्छापुर नेशनल हाईवे पर संतोषी माता मंदिर के सामने शनिवार रात करीब 11 बजे अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। स्थानीय नागरिक ने बाइक के एक्सीडेंट की सूचना पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस व एंबुलेंस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बाइक सवार दो युवक और एक युवती की मौत हो चुकी थी। तीनों ओंकारेश्वर जा रहे थे। मृतकों की पहचान पवन पंवार (19) निवासी ऋषि विहार कॉलोनी इंदौर , मयूर राणे (21) निवासी अहिरखेड़ी कांकड़ इंदौर और पूजा जोशी (22) हवा बंगला सुदामा नगर इंदौर के रूप में हुई। तीनों दोस्त थे।
पिता से फोन पर हुई थी बात
मयूर के पिता राम राणे ने बताया, शनिवार रात 8 बजे फोन पर बताया कि वे उज्जैन कावड़ यात्रा में जा रहे हैं। थोड़ी देर बाद फोन कर बताया कि उज्जैन का कार्यक्रम बदल गया है, हम दोस्त ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग दर्शन करने जा रहे हैं। रविवार शाम तक वापस आ जाएंगे। इसके करीब 2 घंटे बाद उसी के मोबाइल से किसी व्यक्ति ने बड़वाह में सडक़ दुर्घटना में उसकी और साथियों की मौके पर मौत होने की सूचना दी। इससे पूरा परिवार स्तब्ध रह गया। इस साल ही उसकी कॉलेज की पढ़ाई खत्म हुई थी। वह नौकरी की तलाश कर रहा था।
रविवार को लौटकर आने का कहा था
पवन पंवार के खंडवा निवासी मौसा जगदीश पवार ने बताया कि वह बाइक लेकर शनिवार को परिजन से बाहर जाने का बोलकर निकला था। रविवार शाम तक लौटने की बात कही, लेकिन शनिवार रात 12 बजे हादसे की सूचना मिली। पवन का एक भाई और दो बहन हैं। वह कारीगर था।
कुछ महीने पहले ही हुआ था तलाक
पूजा के भाई गौरव जोशी ने बताया कि उसका कुछ महीने पहले ही उसका तलाक हुआ था। उसकी करीब 5-6 साल की बेटी भी है। हमें क्या मालूम था कि तीर्थ दर्शन करने के दौरान हादसा हो जाएगा।
Published on:
12 Aug 2019, 3:49 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.