28 जून 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जब भी इंदौर आता हूं, राऊ में कांग्रेसी को देख लगता है बुरा

प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष नंदकुमार चौहान ने कहा- खाओ कसम, राऊ में भी कमल खिलाएंगे
2 min read
Google source verification
bjp

जब भी इंदौर आता हूं, राऊ में कांग्रेसी को देख लगता है बुरा

इंदौर। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सरकार है, पर राऊ में विधायक कांग्रेस से है। जब भी मैं इंदौर आता हूं तो मुझे राऊ दिखाई देता है। टीस रहती है कि नौ में से आठ पर हमारे विधायक हैं, लेकिन यहां नहीं। मन में सवाल आता है कि ये सीट कांग्रेस के पास कैसे और क्यों है?

ये बात कल समारोह परिसर में राऊ विधानसभा के ग्रामीण क्षेत्र की बूथ समिति के सम्मेलन में प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने कही। संभागीय संगठन मंत्री जयपाल सिंह चावड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष कविता पाटीदार, पूर्व विधायक जीतू जिराती, मधु वर्मा, रवि रावलिया, देवराज सिंह परिहार, कविता पाटीदार, गोपाल चौधरी भी मौजूद थे।

चौहान का कहना था कि ये देखकर आपको भी दु:ख होता होगा। इस बार कैसे भी हो, हमें कमल खिलाना है। इसको लेकर चौहान ने सभी को खड़ा कर मुट्ठी बंधवाई और कसम खिलाई। चर्चा के दौरान चौहान ने कहा कि अब तक मध्यप्रदेश में भाजपा के जितने भी मुख्यमंत्री बने हैं, वे सब अच्छे थे, पर शिवराजसिंह चौहान सर्वश्रेष्ठ हैं। उन्होंने किसान व मजदूरों के लिए जो किया है, वह किसी ने नहीं किया।

बूथ समिति की हाजिरी
जिला अध्यक्ष अशोक सोमानी ने सम्मेलन में आए बूथ समिति के सदस्यों की एक-एक कर हाजिरी ली। वे पंचायत वार उन्हें खड़ा कर रहे थे। संख्या का आंकलन किया गया कि कहां से कितने कार्यकर्ता आए। सभी को बताया गया कि बूथ के बाद हमें अब पन्ना प्रमुख बनाना हैं, ताकि हर कार्यकर्ता के पास काम हो और मतदाता से उसका सीधा संपर्क बना रहे।

चौधरी प्रभारी, रावलिया संचालक
जिला पंचायत के वार्ड ३ में होने वाले उप चुनाव को लेकर भाजपा ने घनश्याम पाटीदार को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया। कल कांग्रेस ने भी जीतू ठाकुर की घोषणा कर दी। आज दोनों प्रत्याशी अपना नामांकन दाखिल करेंगे। भाजपा ने चुनाव को लेकर कुछ नेताओं को जिम्मेदारी सौंप दी है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष गोपालसिंह चौधरी को चुनाव का प्रभारी बनाया और पूर्व जिला अध्यक्ष रावलिया को संचालक। पार्टी की मंशा है कि ज्यादा वोटों से प्रत्याशी चुनाव जीतें, ताकि उसका असर विधानसभा चुनाव में भी दिखाई दे।