
इंदौर. इंदौर में एक प्रेमी युगल ने होटल के कमरे में जहर खाकर खुदकुशी कर ली। जहर खाने के बाद युवती ने अपने भाई को फोन कर जहर खाने और बचा लेने की बात कही थी लेकिन जब तक भाई होटल ढूंढ पाया और दोनों को अस्पताल लेकर पहुंचा तब तक देर हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि युवक-युवती करीब दो साल से रिलेशन में थे। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने दोनों के मोबाइल जब्त कर लिए हैं और मामले की जांच कर रही है।
जहर खाने के बाद युवती ने भाई को लगाया फोन
होटल के रूम में प्रेमी युगल के जहर खाने की ये घटना शहर के विजयनगर इलाके की है। युवती का नाम निशा गाठे उम्र-23 साल और लड़के का नाम कपिल साहू उम्र-28 साल है। पता चला है कि आत्महत्या करने से पहले निशा कपिल के घर पहुंची और फिर दोनों वहां से बाइक से होटल पहुंचे जहां उन्होंने जहर खा लिया। जहर खाने के बाद निशा ने अपने भाई को फोन कर बताया था कि उसने और कपिल ने होटल में आकर जहर खा लिया है आकर हमें बचा लो।
एक घंटे में होटल ढूंढ पाया भाई
बहन निशा का फोन आते ही भाई सारे काम छोड़कर बहन की तलाश में भागा। विजय नगर इलाके की होटलों में उसे तलाशा और करीब एक घंटे बाद उसे वो होटल मिली जिसमें निशा व कपिल थे। उसने होटल कर्मचारियों को पूरी बात बताई जिसके बाद डुप्लीकेट चाबी से दरवाजा खोला गया तो अंदर निशा और कपिल बेहोश पड़े थे। पुलिस को सूचना देने के बाद भाई दोनों को लेकर निजी अस्पताल पहुंचा लेकिन मामला गंभीर होने के कारण दोनों को एमवाय अस्पताल रेफर कर दिया गया। एमवाय अस्पताल ले जाते समय रास्ते में प्रेमी कपिल ने औ फिर प्रेमिका निशा ने निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया।
आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं
पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है जिसके कारण आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। निशा के पिता अशोक का कहना है कि निशा घर से कॉलेज जाने का कहकर निकली थी। शाम को भाई को फोन लगायाकर जहर खाने की बात बताई थी। उन्होंने ये भी बताया निशा बच्चों को ट्यूशन भी पढ़ाती थी। उन्हें निशा और कपिल की दोस्ती के बारे में पता था लेकिन शादी जैसी कोई बात नहीं थी। वहीं कपिल के पिता शीलचंद साहू का कहना है कि कपिल निशा के साथ ही घर से निकला था।
देखें वीडियो- बाघिन से जान बचाने पेड़ पर चढ़ा तेंदुआ
Published on:
07 May 2023 04:30 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
