
मप्र में आए दिन हार्ट अटैक से मरने वालों की खबरें समाचार पत्रों और वेबसाइट्स की सुर्खियां बन रही हैं। खासतौर पर युवा इसके शिकार ज्यादा होने लगे हैं। इंदौर के एक ऐसे ही मामले में 28 वर्षीय युवा की हार्ट अटैक से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि इस शख्स ने रात में दोस्तों के साथ पार्टी की थी, लेकिन रात को जब सोया तो फिर दोबारा नहीं उठा। इस मामले की सूचना भंवरकुंआ पुलिस को दी गई है।
इंदौर के भंवरकुंआ के इस मामले में सोमवार सुबह एक किराना व्यापारी कमरे में मृत पड़ा मिला। उसे बहनोई और दोस्त एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। भंवरकुआ पुलिस के मुताबिक अजय पाटीदार (28) मानपुर में किराना की दुकान चलाते हैं। रविवार को वह इंदौर अपने साले दीपक से मिलने आए थे। दीपक ने बताया कि जीजा ने कहा कि वह सोमवार सुबह घर चले जाएंगे। रात में पार्टी करते हैं। इस पर दीपक ने दोस्त बंटी को बुलाया और तीनों ने रात में पार्टी की। यहां रात में खाना खाकर तीनों सो गए।
सुबह साढ़े छह बजे दीपक के पास उसकी बहन का कॉल आया। उसने कहा कि जीजा अजय मोबाइल नहीं उठा रहे। उन्हें उठाकर घर भेज दो। जब दीपक ने अजय को आवाज दी तो वह उठे ही नहीं। काफी देर तक आवाज लगाने के बाद जब जवाब नहीं दिया तो, पास जाकर देखा। यहां अजय बेसुध अवस्था में था। दीपक और दोस्त बंटी अजय को नानक नगर से तुरंत एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने अजय को मृत घोषित कर दिया। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट खोलेगी राज दीपक ने बताया कि डॅाक्टरों ने प्रारंभिक जांच में हार्ट अटैक से मौत की बात कही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही खुलासा हो सकेगा कि मौत कैसे हुई है।
Updated on:
14 Aug 2023, 4:34 PM IST
Published on:
14 Aug 2023, 4:33 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.