केंद्र सरकार ने इस संबंध में बुधवार को गजट नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इसके साथ ही इंदौर एयरपोर्ट को इंटरनेशनल एयरपोर्ट का दर्जा मिल गया है। इंदौर एयरपोर्ट देश का 22 वां अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बन गया। मार्च में केंद्रीय गृह मंत्रालय की एक टीम ने विमानतल का दौरा कर यहां मौजूद सुविधाओं और एयरपोर्ट की तैयारियों को परखा था। इसके बाद मंगलवार को इमिग्रेशन विभाग की अनुमति भी मिल गई। इंदौर एयरपोर्ट 85 वर्षों का सफर तय कर चुका है। अंतरराष्ट्रीय दर्जा मिलने से पर्यटन, कार्गो के साथ ही इंडस्ट्री, एजुकेशन, मेडिकल, फार्मा सहित विभिन्न सेक्टरों को भी फायदा मिलेगा। पहले जेट ने यहां से अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू करने की घोषणा की थी, लेकिन अब एयर इंडिया पहल कर सकती है।