
Indore News : कमल नाथ ने इंदौर आकर किया रूद्राभिषेक
इंदौर. मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमल नाथ आज सुबह 9.45 बजे इंदौर हवाई अड्डे पर आए। उनके साथ एनएसयूआइ के प्रभारी कन्हैया कुमार भी थे। प्रदेशाध्यक्ष नाथ और कन्हैया कुमार का स्वागत कांग्रेसियों ने किया, जिनकी भीड़ सुबह 9 बजे से ही हवाई अड्डे पर लग गई थी। नाथ होटल रेडिसन में जहां महिलाओं के प्रति दृष्टिकोण में बदलाव की अहमियत विषय पर परिचर्चा में बात करेंगे, वहीं नक्षत्र गार्डन में रखी गई आदिवासी युवा महापंचायत में सामाजिक तानाबाना बुनेंगे।
प्रदेशाध्यक्ष कमल नाथ अपने निजी विमान से सुबह 9 बजे भोपाल से रवाना हुए और सुबह 9.45 बजे इंदौर हवाई अड्डे पर आए। यहां पर उनकी अगवानी और स्वागत कांग्रेसियों ने किया। इसके बाद उनका काफिला सुबह 10 बजे बाणगंगा स्थित बाणेश्वर महादेव मंदिर पर पहुंचा। यहां पर विधायक संजय शुक्ला की ओर से कराए जा रहे रूद्राभिषेक में शामिल हुए। उनके साथ कन्हैया कुमार भी थे। दोनों ने भगवान भोलेनाथ का रूद्राभिषेक किया। इसके बाद नाथ जाने लगे तो राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह भी पहुंच गए। फिर दोनों ने मिलकर रूद्राभिषक किया। इसके बाद टंटू शर्मा ने प्रदेशाध्यक्ष नाथ को गदा भेंट की।
प्रदेशाध्यक्ष नाथ सुबह 11 बजे रेडिसन होटल पहुंचे। यहां पर शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष साक्षी शुक्ला के रखे महिलाओं क कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां पर उन्होंने महिलाओं के प्रति दृष्टिकोण में बदलाव की अहमियत विषय पर सीए. डॉक्टर, एडवोकेट, प्रोफेसर और उद्योग से जुड़ी महिलाओं से सीधा संवाद किया। इस कार्यक्रम के बाद वे दोपहर 12 बजे नक्षत्र गार्डन में आयोजित आदिवासी युवा महापंचायत में शामिल होंगे। उनके साथ कन्हैया कुमार भी रहेंगे। दोपहर 1 बजे नक्षत्र गार्डन से सीधे हवाई अड्डे जाएंगे और दोपहर 1.25 बजे दिल्ली रवाना हो जाएंगे। इधर, प्रदेशाध्यक्ष नाथ के इंदौर आने पर हवाई अड्डे से लेकर बाणेश्वर महादेव मंदिर तक के मार्ग को होर्डिंग्स-पोस्टर से पाट दिया गया था। इसके साथ ही जगह-जगह स्वागत मंच भी लगे थे।
नकारा अध्यक्ष के फैसले को
प्रदेशाध्यक्ष नाथ के इंदौर आने के पहले ही कई कांग्रेस नेता हवाई अड्डे के वीआइपी लाउंज में पहुंच गए थे, जबकि शहर अध्यक्ष सुरजीत सिंह चड्ढा ने दो दिन पहले गांधी भवन में रखी गई बैठक के दौरान तय किया था कि उनके सहित कोई भी कांग्रेसी बड़े नेताओं के आने पर हवाई अड्डे के वीआइपी लाउंज में मिलने नहीं जाएगा। सभी नेता मिलकर हवाई अड्डे के बाहर ही स्वागत-सत्कार करेंगे। अध्यक्ष चड्ढा के इस फैसले को विधायक जीतू पटवारी, विशाल पटेल, जिलाध्यक्ष सदाशिव यादव, सत्यनारायण पटेल. अश्विन जोशी, विनय बाकलीवाल, मोती सिंह पटेल, प्रेम खड़ायता, अरविंद बागड़ी, अर्चना जायसवाल, अंकित खड़ायता, धर्मेंद्र गेंदर और रीता डागरे आदि कांग्रेसियों ने नकार दिया, क्योंकि यह सभी नेता प्रदेशाध्यक्ष नाथ से मिलने के लिए वीआइपी लाउंज तक पहुंच गए। हालांकि शहर अध्यक्ष चड्ढा अंदर नहीं गए और बाहर ही प्रदेशाध्यक्ष की अगवानी की। इस दौरान शैलेष गर्ग, मिन्ना भाटिया, गजेंद्र वर्मा, शैलू सेन और एनएसयूआइ के कार्यकर्ता मौजूद थे।
Updated on:
30 Jul 2023 11:13 am
Published on:
30 Jul 2023 11:13 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
