
सुलह के लिए की बैठक, कर दी हत्या
इंदौर । राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में कल रात को जमकर बवाल हो गया। दरअसल घूरकर देखने के झगड़े के बाद सोशल मीडिया पर एक पक्ष ने पोस्ट डाल दी थी, इसे लेकर दो युवकों में विवाद हुआ। कल रात दोनों पक्ष सुलह करने के लिए बैठक कर रहे थे। इस दौरान एक बार फिर से विवाद हो गया और दोनों पक्षों के लोगों ने जमकर चाकू चलाए। इस चाकूबाजी में घायल एक युवक की मौत हो गई, वहीं छह घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर चाकूबाजी, जानलेवा हमले सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज करते हुए करीब एक दर्जन को हिरासत में लिया है।
टीआई राजेंद्र नगर मनीष डाबर ने बताया कि एबीसीडी मल्टी और उसके नजदीक ही रहने वाले लकी और कुणाल के बीच दो दिन पहले रीजनल पार्क के समीप घूरकर देखने की बात को लेकर झगड़ा हो गया था। दरअसल कुणाल मंडी में काम करता है। उसने लकी को घूर कर देख लिया, इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। इसी विवाद ने बाद में उस समय तूल पकड़ लिया, जब कुणाल ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट डाल दी, जिसमें लकी और उसके दोस्त राजा के फोटो को जोड़कर एक आपत्तिजनक गाना बना दिया, जिस पर इन्हीं के कई साथियों ने टिप्पणी भी कर दी।
समझौते के लिए जमा हुए थे
दोनों के बीच विवाद और आगे न बढ़े, इसलिए कुछ ने बीच में आकर दोनों में समझौता कराने के लिए सुलह बैठक रखी। कल रात इस बैठक में कुणाल से मिलने के लिए लकी, कृष्णा , गौतम और अक्कू आए। सभी ने बात की और हाथ मिलाया। इसके बाद फिर उनमें फिर से कहासुनी हो गई। इस पर कुणाल ने भी अपने कुछ दोस्तों को फोन कर बुला लिया।
तीन थानों का बल और अधिकारी पहुंचे
दोनों पक्षों में विवाद की सूचना पर राजेंद्र नगर पुलिस के साथ भंवरकुआ और राऊ पुलिस भी मौके पर पहुंची और मोर्चा संभालते हुए स्थिति नियंत्रण में ली। उधर, अधिकारी भी यहां पहुंचे और मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद रात में पुलिस ने मामले में दो दर्जन से अधिक पर केस दर्ज किया।
खुलकर चले चाकू
दोनों पक्षों के युवकों के जमा होते ही मारपीट शुरू हो गई और चाकू निकल आए। दोनों पक्षों ने सड़क पर ही खुलकर चाकू चलाए, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने झगड़े की सूचना पुलिस को दी। इसी बीच चाकूबाजी में गंभीर रूप से घायल राज खेड़े उर्फ आरके की मौत हो गई। वहीं अरुण पिता दिलीप राणे, रोहित पिता मोहन राठौर, सुमित पिता महेश, नसीब पिता शब्बीर, अजीम पिता शब्बीर और अजय पिता लकी घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को एमवाय अस्पताल पहुंचाया।
इन पर दर्ज किया प्रकरण
पुलिस के अनुसार मामले में एक पक्ष के अरुण राणे की शिकायत पर कुणाल, अक्षय, अनिमेष, अयान, अजय, नसीब, अजीम, अभिजीत, साजिद, सोनू, राहुल, हर्ष, मोहित और जानू के खिलाफ हत्या, मारपीट और बलवे की धाराओं में केस दर्ज किया है, जबकि दूसरा प्रकरण फरियादी अजय योगी की शिकायत पर आरोपी लकी, राहुल, गौतम, कृष्णा, मृतक राज खेड़े, अज्जू, ईशान, अरुण, निखिल, वीरू और लड्डू के खिलाफ दर्ज किया गया है। इसमें जानलेवा हमले और बलवे की धाराएं लगाई गई हैं ।
Published on:
27 Aug 2022 10:32 am
बड़ी खबरें
View Allइंदौर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
