दरअसल बुधवार को कोर्ट में बहस के बाद जज डॉ. गौरव गर्ग ने डायस से फैसला नहीं सुनाया था, बल्कि फैसले पर दस्तखत कर चले गए। कारण था कि सैकड़ों की संख्या में बाहर खड़े समर्थकों को जमानत निरस्ती की बात पुलिस बताना नहीं चाहती थी। खास बात रही कि आकाश के वकीलों को भी काफी देर बाद जमानत निरस्त होने की जानकारी मिली। इसका कारण था कि बड़ी संख्या में कोर्ट के बाहर और एमजी रोड पर विधायक समर्थक खड़े थे। पुलिस ने कानून व्यवस्था न बिगड़े, इसके चलते पीछे के गेट से आकाश को निकाला और सीधे जिला जेल के लिए रवाना हो गए। सर्मथकों को कुछ समझ आता तब तक पुलिस आकाश को लेकर निकल गई थी। हालांकि इसके बाद बड़ी संख्या में समर्थक सीधे जिला जेल पहुंच गए, पर तब तक आकाश जेल के अंदर हो चुके थे।