
अखंड धाम क्षेत्र में गूंजा ओम नम: शिवाय महामंत्र
इंदौर। बिजासन रोड स्थित प्राचीन अखंड धाम आश्रम पर 12 से 17 दिसंबर तक होने वाले 52वें अभा अखंड वेदांत संत सम्मेलन का न्यौता घर घर देने के लिए आश्रम से जुड़े भक्तों एवं संतो द्वारा शनिवार सुबह बड़ा गणपति से जनता कालोनी एवं आसपास के क्षेत्रों में प्रभातफेरी निकाली गई। ओम नम: शिवाय महामंत्र का जाप करते हुए निकले संतों एवं भक्तों ने पूरे क्षेत्र को गूंजायमान किया। बड़ा गणपति मंदिर पर पूजा-अर्चना के बाद आश्रम के महामंडलेश्वर डॉ स्वामी चेतन स्वरूप, पवन शर्मा, पार्षद दीपक जैन, संत राजानंद एवं स्वामी दुर्गानंद, कबीर बाबा तथा संत मंडली के सदस्यों ने प्रभातफेरी प्रारंभ की। छत्रीबाग जनसेवा समिति के संयोजक रज्जू पंचोली एवं वासु चावला ने बताया कि रविवार को प्रभातफेरी छत्रपति नगर के शिव मंदिर से प्रारंभ होगी और छत्रपति नगर, अग्रसेन नगर, गौरव नगर, महावीर नगर, विंध्याचल नगर में घर घर पहुंचेगी। आयोजन समिति के अध्यक्ष हरि अग्रवाल ने बताया कि इस बार संत सम्मेलन में धर्म एवं अध्यात्म के साथ-साथ सामाजिक सरोकार व संस्कारों से संबंधित कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। मुख्य रूप से बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने एवं अपनी सुरक्षा स्वयं करने के उद्देश्य से विशेष कार्यशाला के आयोजन भी होंगे। इस अवसर पर छत्रीबाग जनसेवा समिति के रज्जू पंचोली, वासु चावला, गणेश तिवारी, मनोहर सोलंकी, मिलिंद जोशी, जयदीप फ णसे, किरण ओझा, वर्षा जैन, लतिका चंदातरे आदि उपस्थित थे, जिन्होंने जनता कालोनी, गणेशगंज, पीलियाखाल आदि क्षेत्रों में घर-घर जाकर संत सम्मेलन का न्यौता दिया।
Published on:
08 Dec 2019 12:02 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
