
4 लोगों को बनाया आरोपी
इंदौर. टीआई हाकम सिंह सुसाइड केस में पुलिस ने अपनी प्रारंभिक जांच पूरी कर ली है। इंदौर पुलिस की इस जांच के बाद टीआई हाकम सिंह पंवार को सुसाइड करने के लिए उकसाने का केस दर्ज किया गया है। इस मामले में पुलिस ने गहरी तहकीकात के बाद केस दर्ज कर आरोपियों के नाम जाहिर कर दिए हैं। पुलिस ने मामले में कुल 4 लोगों को आरोपी बनाया है, इसमें से एक आरोपी की मौत हो गई है.
इंदौर में टीआई हाकम सिंह सुसाइड केस में पुलिस की जांच के बाद एक हैरतअंगेज बात सामने आई. पुलिस जांच के अनुसार टीआई हाकमसिंह को उनकी तीसरी पत्नी रेशमा भी ब्लेकमेल कर रही थी. गौतमपुरा (इंदौर) की निवासी रेशमा उन्हें धमकियां भी दे रही थी जिससे वे परेशान हो चुके थे. यही कारण है कि पुलिस ने उनकी तीसरी पत्नी रेशमा पर टीआई हाकमसिंह को आत्महत्या के लिए उकसाने के लिए केस दर्ज किया है।
पुलिस ने इस मामले में रेशमा समेत 4 लोगों को आरोपी बनाया है जिसमें दो महिलाएं और दो पुरुष हैं। इन चारों आरोपियों पर टीआई हाकमसिंह पंवार को आत्महत्या के लिए उकसाने काम मामला दर्ज किया गया है. चारों आरोपियों पर इससे संबंधित धारा 306 के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस कमिश्नर हरिनारायणचारी मिश्र ने बताया कि टीआई हाकमसिंह को उनकी तीसरी पत्नी गौतमपुरा (इंदौर) की निवासी रेशमा परेशान कर रही थी. रेशमा के अलावा एएसआई रंजना खांडे, रंजना के भाई कमलेश खांडे और कपड़ा कारोबारी गोविंद जायसवाल को भी आरोपी बनाया गया है. इन सभी आरोपियों पर भादंवि की धारा 306 के तहत केस दर्ज किया गया है। चारों आरोपियों पर छोटी ग्वालटोली थाने में मामला कायम किया गया है. चार आरोपियों में से एक एएसआई रंजना खांडे के भाई कमलेश खांडे की पिछले सप्ताह मौत हो चुकी है। कमलेश की मौत की वजह आग से जलना बताई जा रही है.
Published on:
11 Jul 2022, 9:59 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.