
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज एमपी दौरे पर, इंदौर को देंगी स्मार्ट सिटी का खिताब, जबलपुर को भी बड़ी सौगात देंगी
भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बुधवार को एक दिवसीय दौरे पर मध्य प्रदेश आ रही हैं। वो यहां प्रदेश के आर्थिक शहर इंदौर और संस्कारधानी जबलपुर में होने वाले अलग अलग कार्यक्रमों में शिरकत करेंगी। उनके तय शेड्यूल के मुताबिक प्रदेश सरकार की तरफ से गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा इंदौर हवाई अड्डे पर उनकी अगवानी करेंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इंदौर में आयोजित स्मार्ट सिटी कॉनक्लेव में भाग लेंगी। साथ ही, कई शहरों को स्मार्ट सिटी अवार्ड देंगी। यहां से वो जबलपुर के लिए रवाना होंगी। वहां वो मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के नई बिल्डिंग की आधारशिला रखेंगी।
आपको बता दें कि, देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में स्मार्ट सिटी कॉनक्लेव आयोजित की गई है। आयोजन में इंदौर समेत देशभर के 15 से ज्यादा शहरों को स्मार्ट सिटी पुरस्कार से नवाजा जाएगा। ये पुरुस्कार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शहरों को प्रदान करेंगी। छह श्रेणियों में अवार्ड जीतने वाले इंदौर को देश के सबसे स्मार्ट शहर का खिताब दिया जाएगा। इसके साथ ही 5 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों समेत 31 विशष्टि शहरों और 7 भागीदार संगठनों को पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। बताया जा रहा है कि, आईएसएसी पुरस्कारों के कुल 66 विजेता हैं।
एक दिवसीय दौरे पर एमपी में रहेंगी राष्ट्रपति
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू नई दिल्ली से बुधवार की सुबह 10 बजकर 25 मिनट पर इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचेगी। यहां मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा प्रदेश में उनकी अगवानी करेंगे। यहां से वह इंदौर में ब्रिलिएंट कन्वेंशन सेंटर के लिए निकलेंगी, जहां स्मार्ट सिटी कॉनक्लेव अवार्ड सेरेमनी आयोजित है। इसके बाद वे दोपहर 3 बजकर 5 मिनट पर इंदौर से भारतीय वायुसेना के विमान में सवार होकर जबलपुर पहुंचेंगी। यहां लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव राष्ट्रपति की अगवानी करेंगे। शाम 4 बजे जबलपुर के आईआईटीडीएम ऑडिटोरियम में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के नए भवन की आधारशिला रखेंगी। राष्ट्रपति सायंकाल 5:45 बजे जबलपुर से वायुसेना के विमान से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगी।
कार्यक्रम में शामिल होंगे कई मंत्री
कार्यक्रम में राज्यपाल मंगू भाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय आवास और शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी, केंद्रीय श्रम एवं रोजगार व पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव, केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी व संचार एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय आवास और शहरी कार्य राज्य मंत्री कौशल किशोर और मध्य प्रदेश के शहरी विकास मंत्री भूपेंद्र सिंह शामिल होंगे।
इन कैटेगरीज में इंदौर ने देश के सभी शहरों को पछाड़ा
स्मार्ट सिटी कैटेगरी में इंदौर ने कई मुकाम हासिल किए है, जिन्हें अलग-अलग श्रेणी में रखा गया है। इसमें निर्मित पर्यावरण- रिवरफ्रंट डेवलपमेंट (रामबाग पुल से कृष्णपुरा छतरी तक खंड 1), अर्थव्यवस्था- वैल्यू कैप्चर फाइनेंसिंग (वीसीएफ), स्वच्छता- गोबरधन बायो-सीएनजी प्लांट, पर्यावरण- वायु गुणवत्ता में सुधार और वर्टिकल गार्डन के साथ अहिल्या वन, पानी- सरस्वती और कान्ह लाइफलाइन परियोजना (संकल्प), वर्षा जल संचयन- वाटर प्लस और झीलों, कुओं और बावड़ियों के कायाकल्प में अव्वल रहा है।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Published on:
27 Sep 2023, 9:57 AM IST
बड़ी खबरें
View Allइंदौर
मध्य प्रदेश न्यूज़




