इंदौर. मध्यप्रदेश में महिलाओं के साथ दुष्कर्म के मामले थमने का नाम ही नहीं ले रहे हैं। मां आहिल्या की नगरी इंदौर को शर्मसार कर देने वाली एक घटना फिर सामने आई है। इसमें पड़ोसी दरिंदे ने एक नाबालिग बच्ची को अपनी हवस का शिकार बनाया। आरोपी तीन बच्चों का बाप है। बच्ची मूकबधिर है जिसकी शिकायत दर्ज करवाने के लिए परिजनों को घंटो तक पुलिस थाने पर खड़े रहना पड़ा। जब मामले की जानकारी मीडिया को लगी तब पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की।
मामला इंदौर के हीरानगर थाना क्षेत्र के गौरीनगर का है। यहां गुरुवार रात एक नाबालिग बच्ची को पड़ोसी धर्मेंद्र यादव दूध देने के बहाने अपने घर ले गया और उसे अपनी हवस का शिकार बनाया। बच्ची ने इशारों में घटना अपनी मां को बताई तब वे हीरानगर थाने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने मामले में न तो गंभीरता दिखाई और न ही पीडि़त परिवार की कोई मदद की बल्कि उन्हें थाने से ही भगा दिया। जब मामले की जानकारी मीडिया को लगी तो उन्होंने बड़े अधिकारियों को घटना के बारे में बताया, तब जाकर पुलिस ने पीडि़त बच्ची की शिकायत दर्ज की।