
भाजपा में पद लेकर घर बैठे थे... संगठन ने कर दी छुट्टी
इंदौर। भाजपा में संगठनात्मक कसावट का दौर शुरू हो गया है। मंडल में पद लेकर बैठे कुछ नेताओं की छुट्टी कर दी गई। उनके स्थान पर काम करने वालों को बना दिया गया। अभी तो दो ही मंडलों में कार्रवाई हुई है ये फेहरिस्त लंबी है। जिसमें कुछ मंडल अध्यक्ष, नगर के पदाधिकारी व मोर्चा प्रकोष्ठ के संयोजक भी शामिल हैं।
जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव नजदीक आते जा रहे हैं वैसे-वैसे भाजपा अपनी टीम को सक्रिय करती जा रही है। बूथ विस्तारक अभियान टू पर पूरा फोकस कर रखा है जिसमें नगर से लेकर मंडल टीम की चाशनी ली जा रही है। मुहिम में पिछडऩे वाले मंडल अध्यक्ष खुद ही बता रहे हैं कि उनकी टीम के कई पदाधिकारी पद लेकर घर बैठे हैं जिनके कारण काम कमजोर हो रहा है।
उस पर नगर भाजपा अध्यक्ष गौरव रणदिवे के निर्देश पर मंडल अध्यक्षों ने बदलाव शुरू कर दिया है। इसकी शुरुआत राऊ विधानसभआ के निर्भयसिंह पटेल व पांच नंबर के शिवाजी मंडल से हो गई। दोनों ही जगहों पर काम करने वाले पदाधिकारियों को बना दिया गया। रणदिवे ने सभी मंडलों से ऐसे पदाधिकारियों की सूची मांगी है जो पद लेकर घर बैठे हैं और बैठक तो ठीक अभियानों में भी सक्रिय नहीं हैं। उन्हें भी बदला जाएगा।
ये बात तो मंडलाध्यक्षों की सूची की है, लेकिन रणदिवे की सूची में कुछ नगर पदाधिकारी और मंडल अध्यक्ष भी शामिल हैं जो कि पद के साथ न्याय नहीं कर रहे हैं। जितना समय उन्हें देना चाहिए वह नहीं देते हैं। कुछ मोर्चा प्रकोष्ठों के भी यही हाल है। हालांकि महत्वपूर्ण पदों पर बैठने वालों को वे एक ओर चेतावनी देंगे ताकि वे संभल जाएं। इनमें से कुछ तो ऐसे भी हैं जो कुछ समय पहले तक काफी सक्रिय भी थे, लेकिन किसी कारण से समय नहीं दे पा रहे है।
यहां हुआ बदलाव
राऊ विधानसभा के निर्भयसिंह पटेल मंडल अध्यक्ष युवराज दुबे ने आलोक शर्मा को उपाध्यक्ष व युवराज चौरसिया को कोषाध्यक्ष नियुक्त कर दिया। पूर्व के पदाधिकारी निष्क्रिय थे। उसके अलावा पांच नंबर के शिवाजी मंडल अध्यक्ष उमेश मंगरोला ने रवि केसरिया व भारत भूषण बाथम को उपाध्यक्ष, रोहित पालीवाल व रोहित आंजने को महामंत्री, सुभाष सोलंकी, बंसी चौधरी, विवेक करोसिया को मंत्री और राकेश यादव को कोषाध्यक्ष बना दिया।
Published on:
13 Apr 2023 10:59 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
